चार प्रमुख मार्गों पर बनेंगे छह लेन टोल प्लाजा ,37.71 करोड़ की लागत से चार जगहों पर होगा निर्माण, तीन महीने में काम पूरा करने का लक्ष्य 

दस्तक 7मीडिया /गुड्डू राज 

जिले की प्रमुख सड़कों पर आने वाले दिनों में टोल व्यवस्था का नया ढांचा तैयार होगा। बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड ने चार महत्वपूर्ण मार्गों पर छह लेन वाले टोल प्लाजा के निर्माण की कवायद शुरू कर दी है। इसके लिए ई-टेंडर जारी किया गया है। चारों परियोजनाओं पर करीब 37.71 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। निर्माण कार्य पूरा करने के लिए ठेकेदारों को तीन महीने का समय दिया जाएगा।

इन टोल प्लाजा का निर्माण मुख्य रूप से नदियों पर बने पुलों के समीप किया जाना है। दरभंगा-रुसेरा मार्ग पर हथौड़ी घाट के पास करेह नदी पर बने दो लेन पुल के समीप टोल प्लाजा बनाया जाएगा। इस परियोजना की अनुमानित लागत 9.09 करोड़ रुपये है।

इसी तरह बिशनपुर-अतरवेल रोड पर अरई नदी के समीप एचएल आरसीसी पुल के पास टोल प्लाजा निर्माण की योजना है। इस पर करीब 9.17 करोड़ रुपये खर्च होंगे। घनश्यामपुर-रसियारी रोड पर कमला बलान नदी के ऊपर बने एचएल आरसीसी पुल के समीप तीसरा टोल प्लाजा प्रस्तावित है। इसकी लागत करीब 9.25 करोड़ रुपये रखी गयी है।

वहीं, चौथा टोल प्लाजा बलिया ककोढ़ा, देवना और राजखरवार होते हुए झंझारपुर जाने वाली सड़क के 18वें किलोमीटर के समीप एचएल आरसीसी पुल के पास बनेगा। इसके निर्माण पर करीब 9.27 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।

टेंडर में चारों कार्यों की निर्माण अवधि तीन महीने निर्धारित की गयी है। निविदा प्रक्रिया एसबीडी आधारित ई-निविदा के माध्यम से पूरी की जाएगी। प्रत्येक कार्य के लिए दस्तावेज शुल्क के रूप में 10 हजार रुपये निर्धारित है, जबकि परियोजना के अनुसार करीब 18.20 लाख से 18.55 लाख रुपये तक अग्रधन राशि रखी गयी है।

पुलों के समीप बनने वाले इन टोल प्लाजा से संबंधित मार्गों पर भविष्य में टोल संचालन के लिए आवश्यक आधारभूत संरचना तैयार होगी। खासकर दरभंगा को रोसड़ा, झंझारपुर और आसपास के ग्रामीण इलाकों से जोड़ने वाले मार्गों पर इसका असर पड़ेगा।