नगर पंचायत बिरौल (सुपौल बाजार),गणेश मंदिर घाट पर गूंजे मां गंगा के जयकारे, बनारस के आचार्यों ने कराई भव्य गंगा आरती
नगर पंचायत बिरौल (सुपौल बाजार),गणेश मंदिर घाट पर गूंजे मां गंगा के जयकारे, बनारस के आचार्यों ने कराई भव्य गंगा आरती
नगर पंचायत बिरौल (सुपौल बाजार),गणेश मंदिर घाट पर गूंजे मां गंगा के जयकारे, बनारस के आचार्यों ने कराई भव्य गंगा आरती
दस्तक 7 मिडिया, उत्तम सेनगुप्ता, दरभंगा।
दरभंगा जिला के नगर पंचायत बिरौल स्थित प्रसिद्ध सुपौल बाजार के गणेश मंदिर परिसर में बीते संध्या उस समय काशी (बनारस) का अलौकिक दृश्य जीवंत हो उठा, जब देर शाम वैदिक मंत्रोच्चार और शंखनाद के बीच भव्य गंगा आरती का आयोजन किया गया। मंदिर घाट परिसर में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में उमड़े जनसैलाब ने आरती के अलौकिक और भक्तिमय रस में सराबोर होकर अध्यात्म का आनंद उठाया। यह कार्यक्रम सन फ्लावर एकता संघ सुपौल बाजार के द्वारा गणपति जी के आरती के समापन के साथ शुरू किया गया।
यह गरिमामयी एवं भव्य आयोजन भाजपा वाणिज्य प्रकोष्ठ के जिला प्रवक्ता कृष्ण मोहन महतो के सौजन्य से संपन्न हुआ। श्रद्धालुओं को मिथिला की धरती पर ही काशी की पावन गंगा आरती का अहसास कराने और मां गंगा का दिव्य दर्शन कराने के उद्देश्य से बनारस से विशेष रूप से विद्वान आचार्यों की टीम बुलाई गई थी। काशी से पधारे पंडित हेमंत मिश्रा, यषु दुबे, नारायण तिवारी, हर्ष मिश्रा, सुमित एवं पंडित कृष्ण पांडेय ने पूरे विधि-विधान, पारंपरिक वेशभूषा और विशाल धूप-दीप व झांझ-मंजीरों के साथ महाआरती का शुभारंभ किया। बनारस की तर्ज पर जब एक लय में आचार्यों ने आरती उतारनी शुरू की, तो पूरा गणेश मंदिर घाट ‘हर-हर गंगे’ और ‘जय मां गंगे’ के उद्घोष से गुंजायमान हो उठा।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय महिला व पुरुष श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। घाट पर मौजूद हर कोई इस मनमोहक और अलौकिक दृश्य को अपने कैमरों और स्मृतियों में कैद कर लेने को आतुर दिखा। आरती के अंत में श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। आयोजक कृष्ण मोहन महतो ने बताया कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों से समाज में शांति, सद्भाव और सांस्कृतिक चेतना का संचार होता है। मौके पर संफ्लाव एकता संघ के अध्यक्ष अजीत मंडल, रमेंद्र मंडल, मुन्ना मिश्र,रमेश महतो,शंकर चौधरी, बब्लू प्रसाद,राजू प्रसाद, प्रदीप पौद्दार,श्याम माहथा, राजाराम, अरुण माहथा,संजय भगत,शशी पौद्दार, कैलाश साह, चंदन साहू,संजय नायक, गंगा साहू सहित सभी 36 सदस्यों ने हिस्सा लिया।