दरभंगा के बालिका गृह से आधी रात को नाबालिग फरार, प्रशासन में हड़कंप सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
दरभंगा के बालिका गृह से आधी रात को नाबालिग फरार, प्रशासन में हड़कंप सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
दरभंगा के बालिका गृह से आधी रात को नाबालिग फरार, प्रशासन में हड़कंप सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
दस्तक 7 मीडिया सिंहवाड़ा
सिमरी / दरभंगा जिले के भराठी स्थित बृहद् आश्रय गृह परिसर स्थित बालिका गृह से एक बड़ी लापरवाही और सनसनीखेज मामला सामने आया है। कड़ी सुरक्षा के बीच रहने वाली एक 14 वर्षीय नाबालिग लड़की देर रात बालिका गृह से रहस्यमय तरीके से लापता हो गई। इस घटना के बाद बाल कल्याण विभाग से लेकर जिला प्रशासन तक में हड़कंप मच गया है। बताया जाता है कि नेपाल के सप्तरी जिले की रहने वाली एक नाबालिग को बाल कल्याण समिति, दरभंगा के आदेश पर 16 सितंबर को बालिका गृह यूनिट 1 में भर्ती कराया गया था। सब कुछ ठीक ठाक चल रहा था। लेकिन 20 सितंबर की रात करीब 2:35 बजे जब केस वर्कर ने रोजाना की तरह गिनती की तो एक लड़की कम मिली।
गिनती में एक बच्ची कम होने की सूचना मिलते ही बालिका गृह में अफरा-तफरी मच गई। अधीक्षिका ने आनन फानन में पूरे परिसर, बाथरूम, किचन और छत तक की तलाशी ली लेकिन लड़की का कहीं कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद इसकी सूचना तुरंत सिमरी थाना पुलिस को दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए सिमरी थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि बालिका गृह अधीक्षिका के आवेदन पर तुरंत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। नाबालिग की सकुशल बरामदगी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और सीमावर्ती इलाकों में भी पुलिस अलर्ट है।सबसे बड़ा सवाल यह है कि इतनी कड़ी सुरक्षा के बावजूद एक नाबालिग बालिका गृह से कैसे लापता हो गई। आधी रात को वह मुख्य गेट से निकली या चारदीवारी फांदकर भागी? क्या इसमें किसी अंदरूनी मिलीभगत की आशंका है? इन तमाम सवालों ने बालिका गृह की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी है। थाना अध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया की प्राथमिकी दर्ज कर लड़की की खोजबीन की जा रही है।