विशनपुर चौक पर देशी पिस्टल लेकर घूम रहा युवक गिरफ्तार,

गुप्त सूचना पर सरकारी भवन के पास पुलिस ने की घेराबंदी, तलाशी में हथियार बरामद

संवाददाता, हनुमाननगर, दरभंगा

विशनपुर थाना क्षेत्र के विशनपुर चौक पर रविवार की अहले सुबह पुलिस ने अवैध हथियार के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने चौक स्थित सरकारी भवन के पास घेराबंदी कर युवक को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी पिस्टल बरामद हुई।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, विशनपुर चौक स्थित सरकारी भवन के आसपास एक युवक के हथियार लेकर घूमने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही विशनपुर थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को दबोच लिया। गिरफ्तार युवक की पहचान विशनपुर निवासी रामप्रीत सहनी के पुत्र सुमीत कुमार के रूप में हुई है।

पुलिस ने उसके पास से बरामद देशी पिस्टल को जब्त कर लिया है। युवक को गिरफ्तार करने के बाद उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि उसके पास हथियार कहां से आया था और इसे रखने के पीछे उसका क्या उद्देश्य था।

थानाध्यक्ष अरविन्द कुमार ने बताया कि क्षेत्र में अवैध हथियार रखने और आपराधिक गतिविधियों की आशंका वाले तत्वों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई कर अवैध हथियारों की धरपकड़ की जा रही है।