बेनीबाद आयान हत्याकांड में 7 महीने से कार्रवाई का इंतजार, बेटे के कातिल की गिरफ्तारी को भटक रहे मां-बाप,

7 महीने बाद भी जांच अधूरी, आरोपी के गिरफ्तारी के इंतजार में परिवार

दीपक कुमार/ गायघाट

बेनीबाद। मुजफ्फरपुर जिले के बेनीबाद थाना क्षेत्र में आयान हत्याकांड को करीब सात महीने बीत जाने के बावजूद पीड़ित परिवार को अब तक न्याय का इंतजार है। मामले में आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से आयान के माता-पिता लगातार बेनीबाद थाने का चक्कर लगा रहे हैं और पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

परिजनों का कहना है कि आयान की हत्या के बाद उन्होंने पुलिस से आरोपी की गिरफ्तारी और मामले में शीघ्र कार्रवाई की उम्मीद की थी, लेकिन महीनों बीतने के बावजूद उन्हें ठोस कार्रवाई की जानकारी नहीं मिल सकी है। परिवार का आरोप है कि मामले के अनुसंधान की जिम्मेदारी संभालने वाले तत्कालीन आईओ के स्तर पर जांच में करीब छह महीने का समय लग गया।

इसी बीच, तत्कालीन आईओ मौर्यन दीपांकरण पर शराब तस्करों को कथित रूप से पैसे लेकर छोड़ने के आरोप लगे, जिसके बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया। आईओ के निलंबन के बाद आयान हत्याकांड के अनुसंधान और आगे की कार्रवाई को लेकर भी पीड़ित परिवार की चिंता बढ़ गई है।

आयान की मां और पिता का कहना है कि बेटे की मौत के बाद से वे लगातार न्याय की उम्मीद लगाए बैठे हैं। परिवार का आरोप है कि आरोपी खुलेआम घूम रहा है, जबकि वे आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बार-बार थाना पहुंच रहे हैं। परिजनों ने पुलिस के वरीय अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष और तेज जांच कर आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की गुहार लगाई है।

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आयान हत्याकांड में सात महीने बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी क्यों नहीं हो सकी और जांच में देरी की वजह क्या रही? पीड़ित परिवार को उम्मीद है कि पुलिस मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए उन्हें न्याय दिलाएगी।