गणपति जी के भक्ति रस में डूबा बिरौल का सुपौल बाजार, आरती और दर्शन के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़

दस्तक 7 मिडिया, उत्तम सेनगुप्ता, दरभंगा।

नगर पंचायत बिरौल के सुपौल बाजार मंदिर घाट, वनदेवी नगर,खेबा टोला में गणेशोत्सव को लेकर पांचवें दिन हर तरफ उल्लास और भक्तिमय माहौल बना हुआ है। ‘गणपति बप्पा मोरया’ और ‘जय श्री गणेश’ के जयकारों से पूरा इलाका गुंजायमान है। भगवान श्री गणेश के दर्शन, पूजन और महाआरती में सम्मिलित होने के लिए सुबह से लेकर देर रात तक विभिन्न पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं का भीड़ उमड़ रहा है। पूजा को लेकर सुपौल बाजार, वनदेवी नगर,खेड़ा टोला की सड़कों पर उत्सव का विहंगम नजारा देखने को मिल रहा है। विशेष रूप से मास्टर चौक, पुलघाट,बस स्टैंड सहित मुख्य बाजार क्षेत्र की सड़कों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण दिन भर चहल-पहल बनी रहती है। शाम होते ही जगमगाती आकर्षक विद्युत सजावट और पंडालों की भव्यता देखने लायक होती है, जिसे निहारने के लिए आसपास के ग्रामीण इलाकों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। विभिन्न पूजा समितियों द्वारा पंडालों में दैनिक महाआरती और विशेष प्रसाद वितरण का आयोजन किया जा रहा है। बच्चों से लेकर बुजुर्गों और महिलाओं में पूजा को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए स्थानीय प्रशासन व पूजा समितियों के स्वयंसेवक मुस्तैद हैं, ताकि श्रद्धालुओं को दर्शन में किसी प्रकार की कठिनाई न हो। पूरे बिरौल का माहौल इस समय पूरी तरह गणेश भक्ति के रंग में रंगा हुआ है।