विश्वविद्यालय थाने में ग्रामीण एसपी का औचक निरीक्षण, लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन का निर्देश

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

ग्रामीण पुलिस अधीक्षक ने शनिवार को विश्वविद्यालय थाना का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना में संधारित विभिन्न पंजियों की जांच की और सभी अभिलेखों को नियमित रूप से अद्यतन रखने का निर्देश दिया। इसके बाद एसपी ने थाने के लंबित कांडों की अनुसंधानवार समीक्षा करते हुए सभी अनुसंधानकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

समीक्षा के दौरान लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन पर विशेष जोर दिया गया। अनुसंधानकर्ताओं को निर्देश दिया गया कि जिन मामलों में आरोपितों की गिरफ्तारी लंबित है, उनमें न्यायालय से वारंट एवं कुर्की की कार्रवाई प्राप्त कर वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करें। साथ ही प्रत्येक कांड का गुणवत्तापूर्ण एवं साक्ष्यपरक अनुसंधान पूरा करने को कहा गया।

ग्रामीण एसपी ने सभी अनुसंधानकर्ताओं को कांड दैनिकी नियमित रूप से अद्यतन रखने तथा आगामी माह में निष्पादित किए जा सकने वाले कांडों को चिह्नित कर समयबद्ध कार्रवाई करने का निर्देश दिया। थाना में प्रतिवेदित कांडों की भी समीक्षा की गई।

औचक निरीक्षण के दौरान थाना क्षेत्र में सघन गश्ती बढ़ाने, अपराध नियंत्रण के लिए सतर्कता बनाए रखने तथा थाना परिसर की साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। हाजत की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

निरीक्षण एवं अनुसंधान समीक्षा के दौरान विश्वविद्यालय थानाध्यक्ष सहित थाना के सभी संबंधित पुलिस पदाधिकारी एवं अनुसंधानकर्ता मौजूद थे।