आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की उपस्थिति और पोषण व्यवस्था पर नगर आयुक्त की नजर,

नगर आयुक्त गरिमा लोहिया ने तीन केंद्रों का किया निरीक्षण, साफ-सफाई व मूलभूत सुविधाओं को लेकर दिए निर्देश

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

नगर क्षेत्र में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्था को लेकर नगर आयुक्त गरिमा लोहिया ने शुक्रवार को तीन आईसीडीएस केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्रों पर बच्चों की उपस्थिति, पोषण व्यवस्था, साफ-सफाई और उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की बारीकी से जानकारी ली। इस दौरान संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को केंद्रों का संचालन निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

नगर आयुक्त ने वार्ड संख्या-48, वार्ड संख्या-2 सहित नगर क्षेत्र के तीन आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्रों पर बच्चों की उपस्थिति का जायजा लेने के साथ उनके लिए उपलब्ध पोषण, पेयजल, बैठने की व्यवस्था और साफ-सफाई की स्थिति देखी। केंद्रों में संचालित विभिन्न गतिविधियों की भी जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने बच्चों को उपलब्ध कराए जा रहे पोषण एवं अन्य सेवाओं के संबंध में संबंधित कर्मियों से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के साथ केंद्र परिसर में स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण बनाए रखना जरूरी है। बच्चों को गुणवत्तापूर्ण पोषण और आवश्यक सेवाएं नियमित रूप से उपलब्ध कराई जाएं।

उन्होंने संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया कि आंगनबाड़ी केंद्रों की साफ-सफाई, पेयजल, बैठने की व्यवस्था सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए। केंद्रों के संचालन में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

नगर आयुक्त ने निरीक्षण के दौरान स्थानीय स्तर पर सामने आने वाली समस्याओं की भी जानकारी ली। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान संबंधित वार्ड पार्षद, नगर प्रबंधक, सदर सीडीपीओ सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।