तेज रफ्तार पिकअप ने भैंसों को मारी टक्कर, एक की मौत, एक घायल।
कुशेश्वरस्थान-फुलतौरा सड़क पर फकदोलिया चौक के पास हादसा, मुआवजे की मांग को लेकर करीब दो घंटे सड़क जाम

प्रशांत कुमार , दस्तक 7 मीडिया, कुशेश्वरस्थान।

कुशेश्वरस्थान-फुलतौरा मुख्य सड़क पर फकदोलिया चौक के पास शुक्रवार को तेज रफ्तार पिकअप की चपेट में आने से एक भैंस की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी भैंस गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद मवेशी चरवाहों में आक्रोश फैल गया। घटना के विरोध में चरवाहों ने सड़क जाम कर यातायात बाधित कर दिया।
सिमरटोका गांव निवासी मवेशी चरवाहा मायाराम यादव ने बताया कि वह अपनी भैंसों को लेकर सिमरटोका गांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उसरी की ओर से तेज रफ्तार में आ रही पिकअप ने सड़क पर जा रही भैंसों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि एक भैंस की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी घायल हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पिकअप वाहन तथा उसके चालक को अपने साथ कुशेश्वरस्थान थाना ले गई। चरवाहों का आरोप है कि सुबह तक मामले में कोई कार्रवाई होती नहीं दिखी। इससे नाराज होकर उन्होंने कुशेश्वरस्थान-फुलतौरा सड़क को करीब दो घंटे तक जाम कर दिया। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
सड़क जाम की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस के आश्वासन और समझाने-बुझाने के बाद चरवाहों ने जाम समाप्त कर दिया। इसके बाद सड़क पर यातायात सामान्य हुआ।
चरवाहों ने मृत भैंस के मालिक को उचित मुआवजा दिलाने तथा घायल भैंस के इलाज की व्यवस्था कराने की मांग की है। पुलिस ने पिकअप चालक और वाहन को थाना लाकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों और चालक की जिम्मेदारी को लेकर पुलिस की जांच जारी है।