ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत, सिर धड़ से हुआ अलग

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /अफजल खान 

दरभंगा जंक्शन पर शुक्रवार अलसुबह ट्रेन की चपेट में आने से 21 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान अररिया जिले के नरपतगंज थाना क्षेत्र स्थित खैर चंदा वार्ड नंबर-5 निवासी भरत लाल मंडल के पुत्र रोशन कुमार मंडल के रूप में हुई है।


परिजनों के अनुसार, रोशन कुमार लुधियाना से ट्रेन से घर लौट रहा था। उसे दरभंगा में ट्रेन बदलकर नरपतगंज जाना था। इसी दौरान वह ट्रेन से उतरकर दूसरी ट्रेन पकड़ने के लिए रेलवे पटरी पार कर रहा था। इसी क्रम में नरपतगंज जाने वाली ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसा इतना भीषण था कि उसका सिर धड़ से अलग हो गया।
घटना की जानकारी दरभंगा जीआरपी ने परिजनों को दी। बताया गया कि रोशन के पिता उसके मोबाइल पर लगातार कॉल कर रहे थे। इसी दौरान जीआरपी के जवान ने फोन रिसीव कर हादसे की जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद परिजन दरभंगा पहुंचे।
मृतक दो भाइयों और दो बहनों में से एक था। उसकी शादी नहीं हुई थी और वह परिवार का भरण-पोषण करने में सहयोग करता था। घटना की जानकारी मृतक के चाचा प्रमोद मंडल को भी दी गई। जीआरपी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रेलवे थाना की ओर से पोस्टमार्टम की प्रक्रिया कराई जा रही है।
जीआरपी प्रभारी किंग कुंदन ने घटना की पुष्टि की है।