11 दिन से लापता गौरव, इंस्टाग्राम पर ‘ऑनलाइन’ -बेनीबाद में गुमशुदगी की गुत्थी और उलझी,

FSL की जांच से लेकर इंस्टाग्राम एक्टिविटी तक खंगाल रही पुलिस

दीपक कुमार/ गायघाट/मुजफ्फरपुर 

 बेनीबाद थाना क्षेत्र के केवटसा गांव के वार्ड नंबर 13 से 16 वर्षीय किशोर गौरव कुमार के रहस्यमय तरीके से लापता होने का मामला लगातार पेचीदा होता जा रहा है। गुमशुदगी के 11 दिन बाद भी गौरव का कोई सुराग नहीं मिलने से परिजनों की चिंता बढ़ गई है। वहीं, पुलिस की जांच अब घटनास्थल से लेकर डिजिटल गतिविधियों तक पहुंच गई है।


मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बेनीबाद थाना पुलिस के साथ एफएसएल की विशेष टीम ने गौरव के घर पहुंचकर गहन जांच-पड़ताल की। टीम ने परिजनों से विस्तृत पूछताछ कर गौरव के घर से निकलने के समय पहने कपड़े, साथ ले जाए गए बैग तथा उसके हाल के व्यवहार और गतिविधियों से जुड़ी जानकारी जुटाई।
बिना सिम वाले मोबाइल ने बढ़ाई जांच की उलझन
परिजनों के अनुसार गौरव घर में बिना बताए एक मोबाइल फोन रखता था। खास बात यह है कि उस मोबाइल में सिम कार्ड नहीं था, फिर भी वह उसका इस्तेमाल करता था। बताया गया कि वह घर के ही एक नंबर से व्हाट्सऐप भी चलाता था।
जांच का एक अहम पहलू गौरव की इंस्टाग्राम गतिविधि भी बनी हुई है। परिजनों के मुताबिक, लापता होने के बाद भी उसकी इंस्टाग्राम आईडी से ऑनलाइन गतिविधि दिखाई दे रही है। किसी परिचित द्वारा मैसेज किए जाने या फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजे जाने पर उसे ब्लॉक करने अथवा मैसेज का जवाब नहीं देने की बात भी सामने आई है। पुलिस अब इस डिजिटल एंगल की तकनीकी जांच कर रही है और साइबर टीम की मदद से गतिविधियों की पड़ताल की जा रही है।
बेटे की सुरक्षित वापसी के लिए माता-पिता की गुहार
गौरव के 11 दिनों से लापता रहने के कारण परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने पुलिस अधिकारियों से भावुक अपील करते हुए कहा कि किसी भी तरह उनके बेटे को सुरक्षित तलाश कर वापस लाया जाए। परिवार लगातार गौरव की सकुशल बरामदगी की उम्मीद लगाए बैठा है।
पुलिस ने आम लोगों से मांगी मदद
पुलिस प्रशासन ने गौरव के संबंध में जानकारी रखने वाले लोगों से तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की है। पुलिस के अनुसार, विश्वसनीय सूचना देने अथवा बरामदगी में सहयोग करने वाले व्यक्ति को उचित पुरस्कार राशि दी जाएगी और सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
सूचना देने के लिए संपर्क करें:
थानाध्यक्ष, बेनीबाद थाना, मुजफ्फरपुर: 9031030923
पुलिस नियंत्रण कक्ष, मुजफ्फरपुर: 9431896700