मनीगाछी में पुलिस पर पथराव, हिरासत से तीन आरोपियों को छुड़ाया ,शराब के खिलाफ कार्रवाई से बौखलाए लोगों का हंगामा, गाड़ी का शीशा फोड़ा; एएसआई जख्मी
दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /मनीगाछी।
शराब के खिलाफ लगातार कार्रवाई से मनीगाछी में पुलिस और कुछ स्थानीय लोगों के बीच टकराव की स्थिति गंभीर होती जा रही है। बघात गांव में छापेमारी करने पहुंची पुलिस टीम पर रोड़ेबाजी और पुलिस वाहन का शीशा तोड़ने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, हमलावरों ने हिरासत में लिये गये तीन पियक्कड़ों को पुलिस वाहन से छुड़ा लिया। रोड़ेबाजी में एएसआई राजेश सिंह के जख्मी होने की भी सूचना है। घटना के बाद पुलिस ने अजय पासवान समेत कई लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई तेज कर दी है।
शराब के धंधे पर चोट, पुलिस से सीधा टकराव!
मनीगाछी थाना पुलिस के अनुसार, पिछले करीब दो महीनों से अवैध शराब के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान हजारों लीटर शराब की बरामदगी के साथ देसी शराब बनाने के कथित ठिकाने का भी खुलासा किया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से शराब कारोबार से जुड़े लोगों में नाराजगी की बात सामने आ रही है। इसी क्रम में बघात की घटना को पुलिस अभियान में व्यवधान डालने की गंभीर कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।

