राशन कार्ड निर्माण में तेजी, 21 सितंबर तक शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने का निर्देश

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिले में राशन कार्ड निर्माण की प्रगति को लेकर जिलाधिकारी कौशल कुमार ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की। बैठक में सभी अनुमंडल पदाधिकारी एवं प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी जुड़े रहे।

समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने प्रखंडवार राशन कार्ड निर्माण की स्थिति की जानकारी ली और लंबित आवेदनों के निष्पादन की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राशन कार्ड निर्माण से संबंधित लंबित आवेदनों का नियमानुसार त्वरित निष्पादन किया जाए, ताकि निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरा हो सके।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि 21 सितंबर 2026 तक राशन कार्ड निर्माण के निर्धारित लक्ष्य की शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित की जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने और पात्र लाभुकों के राशन कार्ड निर्माण में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होने देने को कहा।

बैठक में सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, जिला आपूर्ति पदाधिकारी सुरेश कुमार समेत जिले के सभी संबंधित पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित थे।