सेवा संकल्प अभियान को लेकर प्रभारी मंत्री ने की समीक्षा, 17 सितंबर से शुरू होगा अभियान,

17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, पोलो मैदान में होगा जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम; स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों और जीविका समूहों की होगी भागीदारी

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

सेवा संकल्प अभियान को लेकर बुधवार को समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में समीक्षा बैठक हुई। पथ निर्माण विभाग के मंत्री सह दरभंगा जिले के प्रभारी मंत्री कुमार शैलेंद्र की अध्यक्षता में हुई बैठक में अभियान की तैयारियों और जनभागीदारी को लेकर अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई।

अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। जिलाधिकारी कौशल कुमार ने बैठक में अब तक की तैयारियों की बिंदुवार जानकारी दी। अभियान के जिला एवं प्रखंड स्तरीय कार्यक्रमों में बीस सूत्री सदस्यों, जनप्रतिनिधियों और आम लोगों की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

प्रभारी मंत्री ने अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित करने तथा इसके उद्देश्यों और गतिविधियों का प्रचार-प्रसार करने पर जोर दिया। जिला स्तर का मुख्य कार्यक्रम पोलो मैदान, लहेरियासराय में आयोजित किया जाएगा। संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम की सभी तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया गया।

नगर विधायक संजय सरावगी ने विद्यालय स्तर पर भी अभियान से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करने का सुझाव दिया। उन्होंने चित्रांकन, भाषण प्रतियोगिता सहित अन्य रचनात्मक गतिविधियां कराने और प्रतिभागी बच्चों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करने की बात कही।

बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों और जीविका समूहों की भागीदारी पर भी जोर दिया गया। सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित करने तथा जीविका दीदियों के माध्यम से भी दीप जलाने का निर्देश दिया गया। कार्यक्रम से संबंधित गतिविधियों के दौरान सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करने को भी कहा गया।

सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान कार्ड, पीएम किसान समेत विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभुकों को भी अभियान से जोड़ने का सुझाव दिया।

बैठक में मद्यनिषेध मंत्री मदन सहनी, सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर, राज्यसभा सांसद धर्मशिला गुप्ता, विधायक संजय सरावगी, मुरारी मोहन झा, विनय कुमार चौधरी, राजेश कुमार मंडल, सुजीत कुमार, विधान पार्षद हरि सहनी, जिला परिषद अध्यक्ष, डीएम कौशल कुमार, सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, डीडीसी स्वप्निल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।