नीलाम पत्र वादों पर आयुक्त सख्त, तेजी से वसूली का निर्देश,

तीनों जिलों के डीएम व नीलाम पत्र पदाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से समीक्षा बैठक

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

 लंबित नीलाम पत्र वादों के शीघ्र निष्पादन और बकाया राशि की वसूली में तेजी लाने को लेकर आयुक्त, दरभंगा प्रमंडल हिमांशु कुमार राय ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया है। उन्होंने बड़े बकायेदारों के साथ छोटे बकायेदारों को भी चिह्नित कर नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई करने को कहा।

आयुक्त बुधवार को प्रमंडल के तीनों जिलों के जिलाधिकारियों, जिला नीलाम पत्र पदाधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने जिलेवार लंबित नीलाम पत्र वादों, बकाया राशि और अब तक हुई कार्रवाई की विस्तृत जानकारी ली।

उन्होंने कहा कि लंबित नीलाम पत्र वादों का निष्पादन प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप राजस्व संग्रह सुनिश्चित करने के लिए मामलों की नियमित समीक्षा हो। जिन मामलों में कार्रवाई लंबित है, उनमें आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर शीघ्र निष्पादन कराया जाए।

पंजी-09 और 10 के आंकड़ों का होगा मिलान

समीक्षा के दौरान आयुक्त ने पंजी-09 एवं पंजी-10 से संबंधित अभिलेखों और आंकड़ों का मिलान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि नीलाम पत्र वादों से जुड़े आंकड़ों में एकरूपता और अद्यतन स्थिति हर हाल में सुनिश्चित होनी चाहिए।

लोक अदालत में निष्पादित मामलों की भी होगी निगरानी

आयुक्त ने 12 सितंबर को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से निष्पादित नीलाम पत्र वादों की भी समीक्षा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि लोक अदालत में निष्पादित मामलों की वर्तमान स्थिति और वसूली की प्रगति का नियमित संधारण एवं अनुश्रवण किया जाए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि नीलाम पत्र वादों के निष्पादन में अनावश्यक शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी लंबित मामलों में नियमानुसार त्वरित कार्रवाई करते हुए राजस्व वसूली के निर्धारित लक्ष्य को हासिल किया जाए। बैठक में प्रमंडल के तीनों जिलों के संबंधित अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े रहे।