बाकरगंज में शराब का बड़ा जखीरा पकड़ा, 238.50 लीटर विदेशी शराब के साथ स्कूटी जब्त,

28 कार्टन में छिपाकर रखी थी शराब, लहेरियासराय पुलिस की कार्रवाई से मचा हड़कंप; दो शराब कांडों के तीन आरोपित भी दबोचे गए

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

लहेरियासराय थाना क्षेत्र में शराब के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने एक साथ कई मोर्चों पर कार्रवाई की। बाकरगंज मच्छरहट्टा से पुलिस ने 238.50 लीटर विदेशी शराब बरामद की। शराब 28 कार्टन में रखी गई थी। मौके से एक बिना नंबर की स्कूटी भी जब्त की गई है। बड़ी मात्रा में शराब बरामद होने के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच तेज कर दी है।

पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में शराब के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। बरामद शराब को लेकर पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इसे कहां से लाया गया था और इसकी आपूर्ति किन लोगों तक की जानी थी। बिना नंबर की स्कूटी की बरामदगी को भी पुलिस मामले की जांच में अहम कड़ी मान रही है।

शराब कांड में दो आरोपित गिरफ्तार

इधर, लहेरियासराय थाना कांड संख्या 526/26 में पुलिस ने अंधेरियाबाग निवासी कृष्ण कुमार महतो और शंकर महतो, दोनों पिता महेंद्र महतो, को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ शराब से जुड़े मामले में कार्रवाई की गई है। गिरफ्तारी के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।

108 बीएनएस के मामले में भी गिरफ्तारी

वहीं, लहेरियासराय थाना कांड संख्या 476/26 में धारा परिवर्तित कर धारा 108 बीएनएस के तहत दर्ज मामले के प्राथमिकी अभियुक्त बेलवागंज निवासी राम साहनी, पिता स्वर्गीय राम प्रसाद साहनी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे भी जेल भेजा जा रहा है।