मनीगाछी पुलिस ने शराब माफियाओ की तोड़ी कमर , गाछी से 168.840 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद

मुर्गाफार्म के पास छिपाकर रखी गई थी शराब, अंधेरे का फायदा उठाकर दो कारोबारी फरार

दस्तक 7मीडिया /मनीगाछी 

मनीगाछी थाना क्षेत्र में शराब के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। गुप्त सूचना के आधार पर मनीगाछी पुलिस ने मकरंदा गांव में छापेमारी कर 168.840 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की। शराब मकरंदा गांव निवासी अभिषेक मिश्र उर्फ हरहर के मुर्गाफार्म के समीप स्थित गाछी में छिपाकर रखी गई थी।

पुलिस को सूचना मिली थी कि उक्त स्थान पर शराब का भंडारण किया गया है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए गाछी में तलाशी ली, जहां से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही शराब कारोबार से जुड़े अभिषेक मिश्र उर्फ हरहर, पिता जितेंद्र नारायण मिश्र, निवासी मकरंदा तथा सुमन सिंह, पिता अशोक सिंह, निवासी नजरा, थाना मणिगाछी, अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।

पुलिस दोनों आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। मामले में प्राथमिकी दर्ज करने सहित अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

लगातार कार्रवाई से कारोबारियों में हड़कंप

मणिगाछी थाना क्षेत्र में शराब के खिलाफ लगातार हो रही पुलिस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति है। थाना पुलिस द्वारा सूचना तंत्र को सक्रिय रखते हुए संदिग्ध ठिकानों पर लगातार नजर रखी जा रही है। इसी क्रम में मकरंदा में हुई कार्रवाई में एक बार फिर बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की गई है।

थानाध्यक्ष रणजीत कुमार की सक्रियता और लगातार छापेमारी के कारण क्षेत्र में शराब के अवैध कारोबार पर पुलिस का दबाव बढ़ा है। पुलिस का कहना है कि शराब के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।