चार थानों में ग्रामीण एसपी का औचक निरीक्षण, रात्रि गश्ती से लेकर हाजत सुरक्षा तक परखी व्यवस्था,
सिमरी, सिंहवाड़ा, मनीगाछी और बहेड़ा थाने पहुंचे एसपी, डायल-112 व ओडी ड्यूटी की भी जांच
दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा
जिले में पुलिसिंग को चुस्त-दुरुस्त रखने और रात के समय सुरक्षा व्यवस्था की जमीनी हकीकत परखने के लिए ग्रामीण पुलिस अधीक्षक ने बुधवार को चार थानों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने सिमरी, सिंहवाड़ा, मनीगाछी और बहेड़ा थाने पहुंचकर डायल-112, रात्रि गश्ती, ओडी ड्यूटी और हाजत सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
औचक निरीक्षण के दौरान ग्रामीण एसपी ने रात्रि गश्ती में तैनात पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों की उपस्थिति और उनकी सतर्कता की जांच की। साथ ही ओडी ड्यूटी पर तैनात कर्मियों की कार्यप्रणाली को भी परखा गया। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि ड्यूटी के दौरान पूरी तरह सतर्क रहें और क्षेत्र में पुलिस की सक्रिय मौजूदगी सुनिश्चित करें।
डायल-112 की तत्परता पर भी नजर
निरीक्षण के दौरान डायल-112 की व्यवस्था की भी जांच की गई। आपात स्थिति में मिलने वाली सूचना पर त्वरित कार्रवाई और पुलिस टीम की सक्रियता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। ग्रामीण एसपी ने थाना स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
हाजत सुरक्षा की भी हुई जांच
चारों थानों में हाजत की सुरक्षा व्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया। पुलिस पदाधिकारियों को सुरक्षा मानकों का पालन करने तथा थाना परिसर में ड्यूटी व्यवस्था को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए।

