पोस्टमार्टम हाउस के सामने कूड़े का पहाड़, दुर्गंध से राहगीर बेहाल ,

सड़क तक पसरा कचरा, खुले में मेडिकल वेस्ट; डीएमसीएच की सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल

दस्तक 7 मीडिया ,दरभंगा /अफजल खान 

उत्तर बिहार के सबसे बड़े चिकित्सा संस्थान डीएमसीएच के फॉरेंसिक मेडिसिन विभाग स्थित पोस्टमार्टम हाउस के सामने कूड़े का अंबार लगा है। नियमित उठाव नहीं होने के कारण कचरा सड़क तक फैल गया है। बारिश के बाद कूड़े से उठ रही तेज दुर्गंध ने राहगीरों और आसपास के लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। स्थिति ऐसी है कि लोगों को नाक पर रुमाल रखकर गुजरना पड़ रहा है।

बताया जाता है कि डीएमसीएच से निकलने वाले कचरे को पोस्टमार्टम हाउस के सामने निर्धारित स्थल पर जमा किया जाता है। इसके नियमित उठाव की जिम्मेदारी नगर निगम को दी गई है। लेकिन समय पर कचरा नहीं उठने के कारण यहां लगातार कचरे का ढेर बढ़ता जा रहा है। अब स्थिति यह है कि कूड़ा सड़क के किनारे तक फैल चुका है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, कचरे के कारण इस रास्ते से पैदल गुजरना भी मुश्किल हो रहा है। बारिश होने के बाद कचरे में पानी जमा होने से दुर्गंध और बढ़ जाती है। आसपास का वातावरण भी प्रभावित हो रहा है। अस्पताल जैसे संवेदनशील परिसर में इस तरह की स्थिति से मरीजों, परिजनों, कर्मचारियों और राहगीरों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।

सबसे गंभीर बात यह है कि जमा कचरे में मेडिकल वेस्ट भी खुले में दिखाई दे रहा है। ऐसे कचरे के खुले में पड़े रहने से संक्रमण और अन्य स्वास्थ्य संबंधी जोखिम की आशंका बनी रहती है। अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस जैसे संवेदनशील स्थान के सामने कचरे का इस तरह जमाव जैव-चिकित्सीय कचरा प्रबंधन और सफाई व्यवस्था दोनों पर सवाल खड़ा करता है।

लोगों ने कचरे का नियमित उठाव कराने और मेडिकल वेस्ट को निर्धारित मानकों के अनुरूप निस्तारित करने की मांग की है, ताकि अस्पताल परिसर और आसपास के क्षेत्र को गंदगी व दुर्गंध से राहत मिल सके।