शिक्षिका के आरोपों पर एचएम पर गिरी गाज, तत्काल प्रभाव से निलंबित,घनश्यामपुर बीआरसी कार्यालय से संबद्ध किया गया है। 45 दिन में पूरी होगी विभागीय जांच

दस्तक 7 मिडिया, घनश्यामपुर, दरभंगा।

हनुमाननगर प्रखंड क्षेत्र के मोरो थाना अंतर्गत खपड़पुरा प्राइमरी स्कूल के प्रधान शिक्षक कुमार गौरव को शिक्षा विभाग ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। स्कूल की शिक्षिका रीना कुमारी ने प्रधान शिक्षक के खिलाफ मोरो थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। शिक्षिका ने अश्लील टिप्पणी करने, अश्लील वीडियो दिखाने, मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने सहित कई गंभीर आरोप लगाए हैं। मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने प्रधान शिक्षक से स्पष्टीकरण मांगा था। उनके जवाब से संतुष्ट नहीं होने पर बीईओ मणिशंकर सिंह ने जिला शिक्षा पदाधिकारी से निलंबन की अनुशंसा की। अनुशंसा के आधार पर डीईओ विद्यानंद ठाकुर ने प्रधान शिक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि में प्रधान शिक्षक को घनश्यामपुर बीआरसी कार्यालय से संबद्ध किया गया है। मंगलवार को उन्होंने बीईओ प्रिंस कुमार झा के समक्ष योगदान दिया। विभाग की ओर से मामले की विभागीय जांच की जिम्मेदारी पीओ रंजना कुमारी को सौंपी गई है। उन्हें 45 दिनों के अंदर जांच पूरी कर विभाग को प्रतिवेदन सौंपने का निर्देश दिया गया है।
शिक्षिका की शिकायत पर मोरो थाने में एससी/एसटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। एफआईआर में अश्लील टिप्पणी, अश्लील वीडियो दिखाने और मानसिक प्रताड़ना जैसे आरोप भी लगाए गए हैं। शिक्षा विभाग ने प्रथम दृष्टया प्रधान शिक्षक के आचरण को सरकारी सेवक के अनुरूप नहीं मानते हुए निलंबन की कार्रवाई की है। हालांकि, आरोपों की वास्तविकता विभागीय जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।