पुलिस केंद्र में रैतिक परेड, एसएसपी ने परखी जवानों की फिटनेस और अनुशासन

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

पुलिस केंद्र, लहेरियासराय में मंगलवार को वरीय पुलिस अधीक्षक, दरभंगा के नेतृत्व में रैतिक परेड का आयोजन किया गया। परेड के दौरान परिचारी प्रवर समेत पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।

एसएसपी ने परेड ग्राउंड का निरीक्षण कर जवानों की शारीरिक दक्षता, अनुशासन और टर्नआउट की जांच की। उन्होंने टोलीवार ड्रिल का निरीक्षण करते हुए पुलिसकर्मियों को एकरूपता और अनुशासन बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

रैतिक परेड के दौरान जवानों की शारीरिक फिटनेस पर विशेष जोर दिया गया। दौड़ और ड्रिल के माध्यम से उनकी शारीरिक क्षमता का जायजा लिया गया। वहीं, टर्नआउट चेक के तहत वर्दी की स्वच्छता, पहनावे और अनुशासन की भी जांच की गई।

एसएसपी ने पुलिस केंद्र की विभिन्न शाखाओं, बैरक की साफ-सफाई और वहां उपलब्ध वाहनों का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान संबंधित पदाधिकारियों को पुलिस केंद्र की व्यवस्था दुरुस्त रखने तथा साफ-सफाई एवं संसाधनों के रखरखाव को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए।

पुलिस विभाग में रैतिक परेड का उद्देश्य जवानों में शारीरिक और मानसिक फिटनेस के साथ अनुशासन, तत्परता एवं टीम भावना को मजबूत करना है। नियमित परेड से पुलिसकर्मियों की कार्यक्षमता और आपात परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई की क्षमता को भी बेहतर बनाने में मदद मिलती है।