गणेश महोत्सव 2026, सुपौल बाजार में कलश स्थापना के साथ दस दिवसीय गणपति पूजा की भव्य शुरुआत

दस्तक 7 मिडिया, बिरौल, दरभंगा।


नगर पंचायत बिरौल और आसपास के क्षेत्रों में दस दिवसीय श्री गणेश महोत्सव का शुभारंभ अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उल्लासपूर्ण माहौल में हो गया। सुपौल बाजार स्थित मंदिर घाट पर संफ्लाव एकता संघ के तत्वावधान में पंडित जी द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विधिवत कलश स्थापना कर पूजा-अर्चना का आगाज किया गया। इस अवसर पर संफ्लाव एकता संघ के 36 सदस्य मुख्य रूप से उपस्थित रहे और भगवान श्री गणेश से क्षेत्र की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
गणेशोत्सव को लेकर नगर पंचायत बिरौल का पूरा इलाका भक्तिमय हो उठा है। वनदेवी नगर, अफजला खेबा टोला, बाल्मीकि नगर सहित कई जगहों पर श्रद्धालुओं द्वारा भव्य और आकर्षक अस्थायी पूजा पंडाल बनाए गए हैं। त्योहार की महत्ता और भव्यता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि क्षेत्र में आधा दर्जन से अधिक स्थानों पर स्वागत हेतु आकर्षक तोरणद्वार का निर्माण कराया जा रहा है।
कलश स्थापना और पूजन कार्यक्रम के दौरान संफ्लाव एकता संघ के अध्यक्ष अजीत मंडल, रमेंद्र मंडल, मुन्ना मिश्र, रमेश कुमार, शंकर चौधरी, श्याम माहथा, राजू प्रसाद, अरुण माहथा और राजाराम सहित कई अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित थे। वहीं प्रत्येक वर्ष की भांति इस बार भी वनदेवी नगर मुख्य पार्षद विनोद सहनी उर्फ बम्पर और अफजला खेबा टोला में इंदल साह और बाल्मीकि नगर में श्रवण महतो नेतृत्व में पूजा का आयोजन किया गया है। पूरे दस दिनों तक यहाँ धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रहेगी।