बेखौफ अपराधियों का तांडव, बिरौल एसएच-56 पर हथियार के बल पर स्कूटी सवार से लूट, पुलिस व्यवस्था को लेकर चर्चा
दस्तक 7 मिडिया, बिरौल, दरभंगा।
जिला अंतर्गत विशनपुर-बिरौल राज्य उच्च पथ एस एच (56) पर नट बाबा स्थान के समीप बेखौफ अपराधियों ने एक बार फिर पुलिसिया इकबाल को चुनौती देते हुए संध्या में लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। दरभंगा से अपने पैतृक घर कुशेश्वरस्थान के नदियामी लौट रहे एक स्कूटी सवार युवक आदित्य सिंह को अज्ञात अपराधियों ने हथियार के बल पर अपना शिकार बनाया और सोने की चेन समेत नगदी लूटकर आसानी से फरार हो गए। इस दुस्साहसिक घटना के बाद से पूरे इलाके के राहगीरों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक दरभंगा से अपनी स्कूटी पर सवार होकर नदियामी (कुशेश्वरस्थान) स्थित अपने घर जा रहा था। जैसे ही वह विशनपुर-बिरौल मार्ग पर नट बाबा स्थान के पास पहुंचा, बाइक सवार अज्ञात हथियारबंद दो अपराधियों ने उसे रास्ते में घेर लिया। अपराधियों ने युवक पर पिस्तौल तान दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए उसके गले से सोने की चेन और जेब में रखे 20 हजार रुपये नगद जबरन छीन लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी हथियार लहराते हुए मौके से बिरौल की ओर आसानी से चंपत हो गए। घटना के तुरंत बाद पीड़ित युवक ने बिरौल थाना पहुंचकर पुलिस को आपबीती सुनाई और अज्ञात अपराधियों के खिलाफ लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। एस एच-56 जैसे व्यस्त मुख्य मार्ग पर हुई इस घटना से वहां से गुजरने वाले वाहन चालकों और राहगीरों में गहरा खौफ बैठ गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बिरौल थाना पुलिस की कार्यशैली और सुरक्षा दावों की पोल खोलकर रख दी है। आश्चर्य की बात यह है कि तेजतर्रार,कड़क ग्रामीण पुलिस अधीक्षक साक्षी कुमारी के क्षेत्र में आने की सूचना के बाद भी स्थानीय पुलिस सुस्त क्यों थी।