बिरौल थाना क्षेत्र अंतर्गत सुपौल बाजार में गणेश चतुर्थी के अवसर पर पुलिस प्रशासन की घोर लापरवाही उजागर।

दस्तक 7 मिडिया, बिरौल, दरभंगा।


बिरौल थाना क्षेत्र अंतर्गत सुपौल बाजार में गणेश चतुर्थी के अवसर पर पुलिस प्रशासन की घोर लापरवाही उजागर हुई है। वरीय पुलिस अधीक्षक और पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के स्पष्ट एवं सख्त निर्देशों के बावजूद स्थानीय पुलिस तंत्र पूरी तरह से बेपरवाह नजर आ रहा है। वरीय अधिकारियों का सख्त आदेश है कि गश्ती दल भीड़भाड़ वाले संवेदनशील क्षेत्रों में निरंतर भ्रमणशील रहे और चाक-चौबंद सुरक्षा व यातायात व्यवस्था बनाए रखे। हालांकि, धरातल पर इस निर्देश की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। थाना में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल उपलब्ध होने के बावजूद उनका जनहित में कोई उपयोग नहीं किया जा रहा, बजाय मुख्य मार्ग के। जबकि बिरौल थाना में बल की कोई कमी नहीं है, लेकिन वे थाना परिसर तक ही सीमित हैं। त्यौहार के व्यस्त समय में जब बाजार में गश्ती और तैनाती की सबसे ज्यादा जरूरत थी, तब पुलिस बल का बाजार में न दिखना और थाना परिसर में विश्राम फरमाना प्रशासनिक उदासीनता को दर्शाता है। गणेश चतुर्थी को लेकर पूजा सामग्री, फल और अन्य सामान खरीदने पहुंचे श्रद्धालुओं व आम लोगों को लगातार दो दिनों से भीषण जाम की समस्या से जूझना पड़ रहा है। मुख्य सुपौल बाजार की सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए और लोग घंटों जाम में फंसे रहे। त्यौहार के उल्लास की जगह लोगों को भारी फजीहत झेलनी पड़ी। वरीय पुलिस अधिकारियों के आदेशों का इस तरह सरेआम अनसुना किया जाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े करता है। त्यौहारों के समय जब सुगम यातायात और सुरक्षा प्राथमिकता होनी चाहिए, तब स्थानीय पुलिस की यह निष्क्रियता बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक है।