डीएमसीएच इमरजेंसी की एक्सरे मशीन फिर ठप, गंभीर मरीजों को टोटो-टेंपो से सुपर स्पेशियलिटी ले जाने की मजबूरी,

दोनों कैसेट खराब, अतिरिक्त कैसेट की मांग के बावजूद नहीं हुई व्यवस्था; एक्सरे यूनिट में लटका रहा ताला, वेटिंग स्पेस में पसरा अंधेरा

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /अफजल खान 

डीएमसीएच की इमरजेंसी में मरीजों की जांच व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई। सोमवार को इमरजेंसी की एक्सरे मशीन खराब रहने से गंभीर मरीजों को जांच के लिए टोटो और टेंपो से सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल ले जाना पड़ा। मरीजों को अस्पताल परिसर में ही बेहतर सुविधा नहीं मिलने से परिजनों की परेशानी बढ़ी और उन्हें अतिरिक्त किराया भी वहन करना पड़ा।

इमरजेंसी के एक्सरे यूनिट में सोमवार को मरीजों के परिजन पुर्जा लेकर पहुंचते रहे, लेकिन एक्सरे कक्ष में ताला लटका मिला। वेटिंग स्पेस में भी अंधेरा पसरा रहा। गंभीर मरीज मो. आलम के परिजन एक्सरे कराने पहुंचे तो मशीन खराब होने की जानकारी दी गई। परिजनों ने बताया कि अब मरीज को टेंपो से सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल ले जाकर एक्सरे कराना पड़ेगा। गंभीर हालत में मरीज को एक भवन से दूसरे भवन तक ले जाने में काफी परेशानी हो रही है।

इसी तरह दिलीप महासेठ के परिजन भी मरीज को लेकर एक्सरे कराने पहुंचे थे। चिकित्सक ने एक्सरे कराने की सलाह दी थी, लेकिन मशीन खराब होने के कारण उन्हें भी मरीज को दूसरे स्थान पर ले जाना पड़ा। इसके बाद कई गंभीर मरीजों को टोटो और टेंपो पर लादकर सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल ले जाते देखा गया।

दोनों कैसेट खराब, अतिरिक्त की मांग भी बेअसर

सूत्रों के अनुसार इमरजेंसी एक्सरे यूनिट में लगी मशीन के दोनों कैसेट खराब हो चुके हैं। अतिरिक्त कैसेट उपलब्ध कराने के लिए पूर्व में मांग की जा चुकी है, लेकिन अब तक इसकी व्यवस्था नहीं हो सकी है। इसके कारण मशीन की सेवा बार-बार प्रभावित हो रही है और इसका सीधा खामियाजा मरीजों को भुगतना पड़ रहा है।

सबसे गंभीर स्थिति यह है कि इमरजेंसी में हाई पावर डिजिटल एक्सरे मशीन स्थापित हुए काफी समय बीत चुका है, लेकिन इसे अब तक चालू नहीं किया जा सका है। ऐसे में पुराने लो पावर एक्सरे सिस्टम के भी ठप पड़ने से इमरजेंसी में मरीजों की जांच व्यवस्था चरमरा गई।

डीएमसीएच के उपाधीक्षक डॉ. अमित कुमार झा ने बताया कि हाई पावर डिजिटल एक्सरे मशीन को जल्द चालू कर दिया जाएगा।