निर्माणाधीन आरओबी को जल्द पूरा कराने पर डीएम का जोर,

सर्विस रोड, नाला, डायवर्सन और आरई वाल का काम तेज करने का निर्देश

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिलाधिकारी कौशल कुमार ने रविवार को निर्माणाधीन आरओबी परियोजना का स्थल निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अभियंताओं और पदाधिकारियों को सभी कार्यों में तेजी लाते हुए निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार समय-सीमा में पूरा कराने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने दिल्ली मोड़ की ओर बन रहे सर्विस रोड, नाला निर्माण और रेलवे कार्य के लिए तैयार किए जा रहे रोड डायवर्सन का जायजा लिया। उन्होंने एलसी डायवर्सन के लिए सर्विस रोड का निर्माण शीघ्र पूरा करने को कहा। बाघ मोड़ की ओर ड्रेन निर्माण जल्द समाप्त कर सर्विस रोड पूरा कराने का निर्देश दिया, ताकि आरई वाल का काम शुरू किया जा सके।

डीएम ने दिल्ली मोड़ की ओर पुराने ब्रिज को हटाने का काम भी तेजी से पूरा कराने को कहा। ब्रिज हटाने के बाद कलवर्ट निर्माण और फिर आरई वाल का कार्य शुरू कराने का निर्देश दिया। कागवा गुमटी से जुड़े सभी एआरएमएस कार्यों को निर्धारित वर्क प्रोग्राम के अनुसार समय पर पूरा करने को कहा।

डायवर्सन को मोटरेबल रखने का निर्देश

आवागमन बाधित नहीं हो, इसके लिए डीएम ने डायवर्सन को लगातार मोटरेबल बनाए रखने का निर्देश दिया। एफसीआई की ओर पाइल कार्य सर्विस रोड का निर्माण कर तत्काल शुरू कराने को कहा।

उन्होंने रेलवे भाग से संबंधित डिजाइन और ड्रॉइंग के अंतिम अनुमोदन की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कराने तथा स्वीकृति मिलते ही रेलवे हिस्से में निर्माण कार्य शुरू कराने का निर्देश दिया।

जिलाधिकारी ने अभियंताओं को परियोजना के सभी कार्यों की नियमित निगरानी करते हुए निर्माण की गति बढ़ाने को कहा। निरीक्षण के दौरान डीसीएलआर सदर, अंचल अधिकारी सदर, संबंधित अभियंता एवं अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।