अधलोआम में विधिक जागरूकता कार्यक्रम, बाल विवाह-दहेज प्रथा के खिलाफ जागरूकता

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

अलीनगर प्रखंड के अधलोआम पंचायत भवन में रविवार को विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, दरभंगा अजय कुमार शर्मा के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों को कानूनी अधिकारों और विभिन्न विधिक सेवाओं की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता पैनल अधिवक्ता महेश्वर प्रसाद यादव ने की। उन्होंने राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) एवं बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से संचालित विभिन्न विधिक सेवाओं के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने बाल विवाह और दहेज प्रथा जैसी सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन के लिए लोगों को जागरूक होने की अपील की।

उन्होंने कहा कि समाज में शांति और भाईचारा बनाए रखने के लिए नशे से दूर रहना जरूरी है। छोटे-छोटे विवादों को स्थानीय स्तर पर आपसी समझौते से सुलझाने तथा न्यायालय में लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के लिए मध्यस्थता और लोक अदालत का लाभ उठाने की अपील की गई।

प्राधिकार सहायक कुमार गौरव ने आगामी 12 दिसंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की जानकारी दी। उन्होंने लोगों से सुलह-समझौते के माध्यम से विभिन्न प्रकार के मामलों का निपटारा कराने की अपील की।

कार्यक्रम में मुखिया प्रतिनिधि दयाशंकर झा, उप सरपंच गौरीशंकर झा, पीएलवी गंगा शर्मा, नवीन कुमार यादव, राज कुमार पासवान, पुलकित मुखिया, संजीव कुमार झा, रामचंद्र यादव, रविंद्र कुमार यादव, राजीव कुमार झा, कुंदन कुमार यादव समेत अन्य लोग मौजूद रहे।