स्वास्थ्य विभाग के कार्यालयों में अव्यवस्था पर डीएम सख्त, अनुपयोगी सामान हटाने और अतिक्रमण मुक्त कराने का निर्देश

दस्तक 7मीडिया / दरभंगा 

जिलाधिकारी कौशल कुमार ने रविवार को सिविल सर्जन कार्यालय, जिला स्वास्थ्य समिति सहित स्वास्थ्य विभाग से जुड़े विभिन्न कार्यालयों का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालयों की व्यवस्था, साफ-सफाई और परिसर के रख-रखाव का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने लंबे समय से पड़े अनुपयोगी और अनावश्यक सामान को चिह्नित कर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए परिसर की साफ-सफाई कराने का निर्देश सिविल सर्जन को दिया। उन्होंने कहा कि सभी कार्यालयों में स्वच्छ, व्यवस्थित और कार्य के अनुकूल वातावरण बनाए रखा जाए। अनुपयोगी सामग्री को कार्यालय परिसर में अनावश्यक रूप से नहीं रखा जाए।

जिलाधिकारी ने सदर अस्पताल, गंगवाड़ा से संबंधित तैयारियों की भी जानकारी ली। वहीं, निरीक्षण के दौरान अतिक्रमित स्थल को चिह्नित करते हुए अंचलाधिकारी, सदर को उसे तत्काल अतिक्रमणमुक्त कराने का निर्देश दिया।

डीएम ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मियों को कार्यालयीन व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने, साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने तथा आम लोगों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर एवं प्रभावी बनाने के लिए लगातार कार्य करने को कहा।

निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन डॉ. अरुण कुमार, एनसीडीओ सत्येंद्र प्रसाद, डीसीएम रवि कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।