समस्तीपुर जिला के ताजपुर थानाध्यक्ष का कमाल ,पंचायत में होने वाला था खूनी खेल, पिस्टल-कारतूस के साथ पांच अपराधियों को योजना बनाते किया गिरफ्तार ,

पुलिस चेकिंग देखकर बाइक मोड़कर भागने लगे बदमाश, 7.65 एमएम पिस्टल, जिंदा कारतूस, दो बाइक व चार मोबाइल बरामद

दस्तक 7 मीडिया ,समस्तीपुर/ताजपुर

ताजपुर में पंचायत के दौरान गोलीबारी की कथित साजिश को पुलिस ने ऐन वक्त पर नाकाम कर दिया। एसटीएफ बिहार और डीआईयू समस्तीपुर से मिली सूचना के आधार पर ताजपुर पुलिस ने माधोपुर दिघरुआ मस्जिद के पास घेराबंदी कर हथियार और कारतूस के साथ पांच युवकों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की कार्रवाई से पंचायत में संभावित खूनी टकराव टल गया।

थानाध्यक्ष मनीष कुमार के अनुसार, सूचना मिली थी कि अजित कुमार अपने साथियों के साथ हथियार और गोली लेकर ताजपुर-चकपहाड़ रोड से माधोपुर दिघरुआ पहुंचने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में वाहन जांच शुरू की। इसी दौरान चकपहाड़ की ओर से तीन काली स्प्लेंडर बाइक आती दिखीं। पुलिस को देखते ही बाइक सवार वापस भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर दो बाइक पर सवार पांच युवकों को दबोच लिया, जबकि तीसरी बाइक पर सवार दो युवक फरार हो गए।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अजित कुमार, प्रकाश कुमार, सोनू कुमार पासवान, भोला कुमार और नितीश कुमार के रूप में हुई है। तलाशी में अजित कुमार के पास से लकड़ी के बट वाला 7.65 एमएम पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से दो स्प्लेंडर बाइक और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए।

विवाद नहीं सुलझता तो पंचायत में चलती गोली!

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि जन्माष्टमी विसर्जन के दौरान अबीर लगाने को लेकर अरविन्द राय उर्फ गुर्जर और चंदन राय के बीच विवाद हुआ था। इसी विवाद के निपटारे के लिए पंचायत बुलाई गई थी। पुलिस के अनुसार, आशंका थी कि पंचायत में विवाद नहीं सुलझा तो फायरिंग कर दी जाएगी। इसी उद्देश्य से हथियार और आपराधिक प्रवृत्ति के युवकों को जुटाने की कथित तैयारी की गई थी।

पुलिस के मुताबिक, अजित कुमार ने पूछताछ में बताया कि बरामद हथियार और गोली उसे भोला कुमार ने छिपाकर रखने के लिए दी थी। वहीं भोला कुमार पर आरोप है कि उसने पंचायत के दौरान संभावित फायरिंग के लिए हथियार और युवकों की व्यवस्था करने की योजना बनाई थी।

दो फरार, साजिश में एक और नाम

पुलिस ने मामले में फरार आरोपितों की पहचान रंजन कुमार और मंजय कुमार के रूप में की है। वहीं कथित साजिश में अरविन्द राय उर्फ गुर्जर का नाम भी सामने आया है। पुलिस फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

थानाध्यक्ष के बयान पर आर्म्स एक्ट की सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार पांचों आरोपितों को विधिवत गिरफ्तार कर उनके परिजनों को इसकी सूचना दी गई है।पुलिस की त्वरित कार्रवाई से पंचायत से पहले ही हथियारबंद जमावड़े का खुलासा हो गया और संभावित गोलीबारी की घटना टल गई।