,15 सितंबर को 35 पंचायतों और 12 नगर निकायों में लगेगा सहयोग शिविर

30 दिनों के भीतर जनशिकायतों के निपटारे का लक्ष्य, सुबह 9 बजे से शुरू होंगे शिविर

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जनशिकायतों को आसानी से प्राप्त करने और उनका प्रभावी एवं समयबद्ध निवारण सुनिश्चित करने के लिए जिले में 15 सितंबर, मंगलवार को सहयोग शिविर आयोजित किए जाएंगे। जिलाधिकारी कौशल कुमार के निर्देश पर जिले की 35 पंचायतों और 12 नगर निकायों के चयनित वार्डों में सुबह नौ बजे से शिविर लगाए जाएंगे।

सहयोग शिविर का आयोजन प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को पंचायतवार किया जा रहा है। प्रशासन का लक्ष्य है कि शिविर में प्राप्त परिवादों का परिवाद दर्ज होने की तिथि से 30 दिनों के अंदर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। शिविरों में विभिन्न विभागों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जहां लोग अपनी समस्याएं और आवेदन संबंधित अधिकारियों के समक्ष रख सकेंगे।

दरभंगा सदर प्रखंड के कंसी/वासुदेवपुर पंचायत भवन तथा दरभंगा नगर निगम के वार्ड नंबर-08 स्थित शिवाजी राय आदर्श सामुदायिक विवाह भवन और वार्ड नंबर-41 स्थित स्वर्णालता लक्ष्मी नारायण खरगा मध्य विद्यालय, बाकरगंज, लहेरियासराय में अपर समाहर्त्ता (लोक शिकायत निवारण) राजेश गुप्ता की अध्यक्षता में शिविर आयोजित होगा।

इसी तरह बहादुरपुर प्रखंड के तारालाही/जलवारा पंचायत सरकार भवन में वरीय उप समाहर्त्ता पवन कुमार यादव, हायाघाट में वरीय उप समाहर्त्ता सोनल कुमार महतो, हनुमाननगर में जिला भू-अर्जन पदाधिकारी रवि प्रकाश, बहेड़ी में सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा शशि कुमार तथा केवटी में जिला विकास पदाधिकारी अरविन्द कुमार की अध्यक्षता में शिविर आयोजित किए जाएंगे।

जाले प्रखंड में उप विकास आयुक्त स्वप्निल की अध्यक्षता में विभिन्न पंचायतों एवं नगर निकाय क्षेत्रों में शिविर लगेगा। सिंहवाड़ा में निदेशक डीआरडीए भुवनेश मिश्रा, मनीगाछी में सदर एसडीओ कुमार गौरव तथा तारडीह में जिला परिवहन पदाधिकारी रवि कुमार आर्या की अध्यक्षता में सहयोग शिविर आयोजित किया जाएगा।

बेनीपुर में एसडीओ मनीष कुमार झा, अलीनगर में भूमि सुधार उप समाहर्त्ता बेनीपुर अविनाश कुमार सिंह, बिरौल में अपर समाहर्त्ता आपदा प्रबंधन सलीम अख्तर तथा गौड़ाबौराम में सहायक निदेशक दिव्यांगजन कोषांग आशीष अमन की अध्यक्षता में शिविर लगाए जाएंगे।

घनश्यामपुर में वरीय उप समाहर्त्ता अमृता कुमारी, किरतपुर में वरीय उप समाहर्त्ता प्रियंका कुमारी, कुशेश्वरस्थान में भूमि सुधार उप समाहर्त्ता बिरौल मयंक सिंह तथा कुशेश्वरस्थान पूर्वी में एसडीओ बिरौल शशांक राज की अध्यक्षता में सहयोग शिविर आयोजित किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों, कार्यपालक पदाधिकारियों एवं अंचलाधिकारियों को शिविरों को लेकर व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया है, ताकि अधिक से अधिक लोग इस सुविधा का लाभ उठा सकें।

जिलाधिकारी कौशल कुमार ने जिलावासियों से अपील की है कि वे 15 सितंबर को अपने क्षेत्र में आयोजित सहयोग शिविर में पहुंचकर अपनी समस्या दर्ज कराएं और समयबद्ध समाधान का लाभ उठाएं।

सहयोग शिविर से संबंधित जानकारी के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन 1100 पर सुबह आठ बजे से रात आठ बजे तक संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा सहयोग पोर्टल sahyog.bihar.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन भी कभी भी दर्ज कराया जा सकता है।