दिल्ली मोड़ बस स्टैंड का काम तेज होगा, मदारपुर नाला निर्माण भी जल्द पूरा करने का निर्देश

दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा 

जिलाधिकारी कौशल कुमार ने रविवार को दिल्ली मोड़ स्थित बस स्टैंड परिसर का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने निर्माणाधीन प्रशासनिक भवन, प्रस्तावित प्लेटफार्म समेत अन्य कार्यों का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों और अभियंताओं से अद्यतन स्थिति की जानकारी ली।

डीएम ने यात्रियों की सुविधा और बसों के सुचारु आवागमन को ध्यान में रखते हुए निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप कराने का निर्देश दिया। उन्होंने बुडको के परियोजना निदेशक को बस स्टैंड के निर्माण में तेजी लाकर इसे जल्द पूरा कराने को कहा। साथ ही कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग और प्रगति की लगातार समीक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

इसके बाद डीएम ने मदारपुर में होली क्रॉस स्कूल के समीप निर्माणाधीन नाला का निरीक्षण किया। उन्होंने नाला निर्माण की प्रगति, गुणवत्ता और स्थल की स्थिति की जानकारी ली। बुडको के परियोजना निदेशक को नाला समेत सभी संबंधित निर्माण कार्यों को तेज गति से पूरा कराने का निर्देश दिया।

डीएम ने कहा कि शहरी क्षेत्र की आधारभूत संरचनाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए, ताकि लोगों को इसका लाभ जल्द मिल सके। निरीक्षण के दौरान उप नगर आयुक्त जयचंद्र अकेला, बुडको के अभियंता, संवेदक के प्रतिनिधि समेत संबंधित विभागों के अधिकारी व कर्मी मौजूद थे।