शिवहर जिला अंतर्गत लोक अदालत में 460 मामलों का निपटारा, 51.74 लाख की वसूली

दस्तक 7मीडिया ,शिवहर /विधि संवाददाता 

 व्यवहार न्यायालय परिसर में शनिवार को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में सुलह-समझौते के आधार पर 460 मामलों का निष्पादन किया गया। छह पीठों में हुई सुनवाई के बाद विभिन्न मामलों में कुल 51 लाख 74 हजार 544 रुपये की राजस्व वसूली हुई।

राष्ट्रीय लोक अदालत का उद्घाटन प्रभारी जिला एवं सत्र न्यायाधीश बृजेश मणि त्रिपाठी, जिलाधिकारी प्रतिभा रानी, पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह एवं डीएलएसए सचिव ललन कुमार रजक ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

लोक अदालत में व्यवहार न्यायालय के 178 शमनीय वाद, सीजेएम न्यायालय के 50 वाद, बैंक ऋण से जुड़े 180 मामले और बीएसएनएल से संबंधित तीन मामलों का निपटारा किया गया। इसके अलावा ट्रैफिक चालान से जुड़े 99 मामलों का भी निष्पादन हुआ।

ट्रैफिक चालान से 3.08 लाख की वसूली

जिला परिवहन पदाधिकारी अनुराग कुमार रवि ने बताया कि मोटर वाहन अधिनियम के 99 मामलों में कुल 3.08 लाख रुपये की वसूली हुई। इनमें परिवहन विभाग के 44 मामलों से 2.15 लाख और यातायात पुलिस के 55 मामलों से 93 हजार रुपये प्राप्त हुए। वाहन मालिकों को नियमानुसार छूट का लाभ देते हुए मामलों का मौके पर ही निपटारा किया गया।

लोक अदालत के माध्यम से लंबे समय से लंबित मामलों का त्वरित एवं आपसी सहमति से समाधान हुआ। इससे पक्षकारों को लंबी अदालती प्रक्रिया से राहत मिली और न्यायालयों पर लंबित मामलों का बोझ कम करने में भी मदद मिली।

कार्यक्रम में जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष अवध किशोर सिंह, महासचिव धर्मेंद्र सिंह, सभी न्यायिक पदाधिकारी, पैनल अधिवक्ता एवं पीएलवी मौजूद रहे।