एसडीपीओ के निर्देश पर बिरौल थाना परिसर में सुरक्षा की बड़ी पहल, दर्जनों जब्त दो पहिया वाहनों को नए परिसर में कराया गया शिफ्ट

दस्तक 7 मिडिया, बिरौल, दरभंगा।


बिरौल थाना परिसर की व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। विभिन्न आपराधिक मामलों, सड़क दुघर्टना,शराब तस्करी सहित अन्य जांच अभियान और कानूनी कार्रवाइयों के तहत वर्षों से पुराने थाना परिसर में धूल फांक रहे दर्जनों दो पहिया (बाईक) वाहनों को वहां से हटाकर नए परिसर के सुरक्षित स्थल पर स्थानांतरित किया गया है। इस पूरी प्रक्रिया को एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी के सख्त दिशा-निर्देशों के तहत अंजाम दिया गया है। मामले की जानकारी देते हुए एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी ने बताया कि जब्त किए गए वाहनों के उचित रखरखाव, उनकी सुरक्षा और न्यायिक साक्ष्यों को सुरक्षित रखने के लिए किया गया है। एसडीपीओ ने थानाध्यक्ष चंद्रमणि को निर्देश दिया है कि थाने में जब्त सभी वाहनों पर उनसे संबंधित कांड संख्या और क्रमांक स्पष्ट रूप से अंकित किया जाए। इससे न केवल वाहनों की पहचान आसानी से हो सकेगी, बल्कि न्यायालय में चल रहे मामलों या वाहन मालिकों द्वारा दावे के दौरान कागजी प्रक्रिया में पारदर्शिता और तेजी आएगी। एसडीपीओ के निर्देशों के आलोक में शनिवार को थाना परिसर में बड़े पैमाने पर कार्य चलाया गया। स्थानीय चौकीदारों की टीम लगाकर पुराने परिसर में अस्त-व्यस्त पड़े वाहनों को निकालकर नए परिसर के चिन्हित और सुरक्षित स्थान पर कतारबद्ध तरीके से रखवाया गया। वर्षों से पड़े इन वाहनों के सुरक्षित रखरखाव से जहां थाना परिसर पहले से अधिक साफ-सुथरा और सुव्यवस्थित दिखेगा, वहीं पुलिस प्रशासनिक कामकाज में भी सहूलियत होगी।