भू-अर्जन में तेजी लाएं, समय पर पूरी हों विकास परियोजनाएं : डीएम,

527E परियोजना और एलिवेटेड निर्माण कार्यों की डीएम ने की समीक्षा, मुआवजा भुगतान व लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिलाधिकारी कौशल कुमार ने जिले में चल रही महत्वपूर्ण विकास एवं आधारभूत संरचना परियोजनाओं को समय पर पूरा कराने को लेकर अधिकारियों को तेजी से काम करने का निर्देश दिया है। शनिवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में 527E परियोजना, एलिवेटेड निर्माण कार्य समेत विभिन्न भू-अर्जन परियोजनाओं की समीक्षा की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने परियोजनावार भू-अर्जन की स्थिति, भूमि से जुड़े मामलों, मुआवजा भुगतान तथा लंबित प्रकरणों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि भू-अर्जन से संबंधित मामलों का निर्धारित नियम और प्रक्रिया के तहत त्वरित निष्पादन किया जाए, ताकि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में अनावश्यक देरी नहीं हो।

बैठक में 527E परियोजना और एलिवेटेड निर्माण कार्य की प्रगति की भी समीक्षा हुई। डीएम ने संबंधित अभियंताओं से निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति, अब तक हुई प्रगति और सामने आ रही बाधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए निर्माण कार्य को और तेज गति देने का निर्देश दिया।

जिलाधिकारी ने कहा कि जिले की महत्वपूर्ण आधारभूत संरचना परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से काम करें। भू-अर्जन, मुआवजा भुगतान या निर्माण कार्य से जुड़ी किसी भी बाधा का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में अपर समाहर्ता (राजस्व), जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, सदर एसडीओ कुमार गौरव समेत विभिन्न परियोजनाओं से जुड़े पदाधिकारी और अभियंता मौजूद थे।