सदर अस्पताल गंगवाड़ा में 2 अक्टूबर से शुरू होंगी नई चिकित्सा सेवाएं

संस्थागत व सिजेरियन प्रसव समेत चार प्रमुख विभागों के संचालन की तैयारी तेज, डीएम ने दिए सभी व्यवस्था पूरी करने के निर्देश

दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा 

सदर अस्पताल गंगवाड़ा में चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार की तैयारी तेज कर दी गई है। अस्पताल में संस्थागत एवं सिजेरियन प्रसव के साथ शिशु चिकित्सा, हड्डी रोग और सामान्य सर्जरी जैसी महत्वपूर्ण सेवाओं के संचालन को लेकर शुक्रवार को जिलाधिकारी कौशल कुमार ने समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि 2 अक्टूबर तक सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली जाएं, ताकि मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके।

बैठक में होमी भाभा कैंसर अस्पताल के निदेशक डॉ. प्रभास, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और चिकित्सकों के साथ अस्पताल में शुरू होने वाली चिकित्सा सेवाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान चिकित्सकों की उपलब्धता, स्वास्थ्यकर्मियों, उपकरण, आधारभूत संरचना, मरीजों की सुविधाओं और अन्य आवश्यक संसाधनों पर चर्चा हुई।

डीएम ने कहा कि गंगवाड़ा सदर अस्पताल में चिकित्सा सेवाओं के विस्तार से करीब 10 किलोमीटर क्षेत्र में रहने वाले लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। मरीजों को सामान्य उपचार के साथ आवश्यक विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं भी स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अस्पताल में आने वाले मरीजों की सुविधा और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

साइनेज और सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश

जिलाधिकारी ने अस्पताल परिसर में मरीजों और उनके परिजनों की सुविधा के लिए सभी प्रमुख स्थानों पर स्पष्ट और पर्याप्त साइनेज लगाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मरीजों को संबंधित विभाग तक पहुंचने में किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

अस्पताल परिसर में साफ-सफाई, स्वच्छता और रखरखाव को बेहतर रखने पर भी उन्होंने विशेष जोर दिया। साथ ही आवश्यक चिकित्सा उपकरण, संसाधन और पर्याप्त मानव बल की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।

डीएम ने अस्पताल का किया निरीक्षण

बैठक से पहले जिलाधिकारी ने सदर अस्पताल गंगवाड़ा का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल के विभिन्न हिस्सों, उपलब्ध आधारभूत संरचना और चिकित्सा सेवाओं के लिए तैयार किए जा रहे स्थानों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मरीजों की सुविधा, स्वच्छता, साइनेज, चिकित्सा उपकरण और अन्य व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

बैठक में सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, होमी भाभा कैंसर अस्पताल के निदेशक डॉ. प्रभास, सिविल सर्जन डॉ. अरुण कुमार, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सुप्रिया नारायण, डीपीएम स्वास्थ्य प्रभात कुमार राजू, डीसीएम रवि कुमार समेत अस्पताल के प्रशासनिक पदाधिकारी, चिकित्सक एवं स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मी मौजूद थे।