लोक अदालत में निपटेंगे लंबित ट्रैफिक चालान, प्रेक्षागृह में लगेगा विशेष शिविर,

डीएम ने प्रेक्षागृह पहुंचकर तैयारियों का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश

दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा 

आगामी 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के अवसर पर लंबित ट्रैफिक चालानों के त्वरित निपटारे के लिए प्रेक्षागृह, दरभंगा में विशेष शिविर लगाया जाएगा। आम लोगों की सुविधा के लिए शिविर में कई काउंटर बनाए गए हैं, जहां ट्रैफिक चालान से जुड़े मामलों का निष्पादन किया जाएगा।

जिलाधिकारी कौशल कुमार ने शुक्रवार को प्रेक्षागृह पहुंचकर शिविर की तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि आम नागरिकों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और सभी आवश्यक इंतजाम समय से पूरे किए जाएं।

डीएम ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से लंबित मामलों का त्वरित, सरल और सुविधाजनक तरीके से समाधान कराया जा सकता है। ट्रैफिक चालानों के निपटारे के लिए सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शिविर में आने वाले लोगों के लिए पर्याप्त काउंटर के साथ बैठने, पेयजल समेत अन्य बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था रहेगी।

उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि वे 12 सितंबर को आयोजित विशेष शिविर का लाभ उठाकर अपने लंबित ट्रैफिक चालानों का निपटारा कराएं। इससे लोगों को अनावश्यक परेशानी से राहत मिलेगी और लंबित मामलों का सरल तरीके से समाधान हो सकेगा।

निरीक्षण के दौरान सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, विशेष कार्य पदाधिकारी राजेश कुमार गुप्ता, जिला परिवहन पदाधिकारी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।