शिक्षा व्यवस्था को लेकर आयुक्त सख्त, हर सप्ताह कस्तूरबा विद्यालयों का होगा निरीक्षण,

भूमिहीन, भवनहीन व जर्जर स्कूलों को चिन्हित कर कार्रवाई का निर्देश, नामांकन और उपस्थिति बढ़ाने पर जोर

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

दरभंगा प्रमंडल में शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने को लेकर आयुक्त हिमांशु कुमार राय ने अधिकारियों को कई अहम निर्देश दिए हैं। शुक्रवार को प्रमंडलीय सभागार में शिक्षा विभाग की विस्तृत समीक्षा बैठक में उन्होंने भूमिहीन, भवनहीन और जर्जर भवन वाले विद्यालयों को चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों को सुरक्षित, स्वच्छ और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता होनी चाहिए।

बैठक में क्षेत्रीय शिक्षा उप निदेशक, तीनों जिलों के जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी शिक्षा समेत अन्य वरीय अधिकारी मौजूद रहे।

हर सप्ताह एक कस्तूरबा विद्यालय का निरीक्षण

आयुक्त ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों का नियमित और प्रभावी निरीक्षण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि रोस्टर के अनुसार प्रत्येक सप्ताह एक-एक कस्तूरबा विद्यालय का निरीक्षण किया जाए। निरीक्षण के दौरान छात्राओं की उपस्थिति, पढ़ाई, आवासीय सुविधा, भोजन, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्था की गहन समीक्षा की जाए।

उन्होंने विद्यालयों में लगे सीसीटीवी कैमरों को हमेशा चालू और कार्यशील रखने का निर्देश दिया। साथ ही छात्र-छात्राओं के नामांकन और नियमित उपस्थिति बढ़ाने के लिए प्रभावी कदम उठाने को कहा।

चहारदीवारी से लेकर पेयजल तक की व्यवस्था दुरुस्त हो

आयुक्त ने विद्यालयों में चहारदीवारी, स्वच्छ पेयजल, कार्यशील शौचालय, साफ-सफाई और सुरक्षित आवागमन जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्कूल का वातावरण ऐसा होना चाहिए, जहां बच्चे सुरक्षित महसूस करें और निर्भीक होकर नियमित रूप से विद्यालय आएं।

उन्होंने जर्जर हो चुके विद्यालय भवनों का भौतिक सत्यापन और चिन्हांकन कराने का भी निर्देश दिया।

छात्रावासों की व्यवस्था पर भी नजर

बैठक में जिला कल्याण पदाधिकारी को आवासीय छात्रावासों का नियमित निरीक्षण करने को कहा गया। आयुक्त ने निर्देश दिया कि छात्रावासों में रह रहे बच्चों की पढ़ाई, भोजन, पेयजल, शौचालय, बिजली, स्वच्छता और अन्य आवश्यक सुविधाओं की नियमित जांच हो। साथ ही विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति का भी आकलन किया जाए।

लंबित आवेदनों का समय पर हो निष्पादन

समीक्षा के दौरान सहयोग पोर्टल पर लंबित आवेदनों की स्थिति भी देखी गई। आयुक्त ने तीनों जिलों के जिला शिक्षा पदाधिकारियों को लंबित आवेदनों का ससमय निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके अलावा बीआरसी (प्रखंड संसाधन केंद्र) का भी नियमित निरीक्षण करने को कहा।

आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिक्षा विभाग की योजनाओं और कार्यक्रमों का लाभ जमीनी स्तर तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि विभाग का अंतिम उद्देश्य विद्यार्थियों को सुरक्षित, स्वच्छ और अनुकूल वातावरण में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है। इसके लिए विद्यालयों का नियमित अनुश्रवण करते हुए कमियों को दूर करने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

बैठक में आयुक्त के सचिव सुशील कुमार मिश्रा, क्षेत्रीय शिक्षा उप निदेशक, सहायक निदेशक योजना प्रीति कुमारी सहित दरभंगा प्रमंडल के तीनों जिलों के शिक्षा विभाग के वरीय एवं जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।