प्रधानमंत्री के जन्म दिवस के अवसर पर दिव्यांगजनों के लिए 17 से 19 सितंबर तक लगेगा परीक्षण-सह-वितरण शिविर,

तीनों अनुमंडलों में लगेगा शिविर, पात्र दिव्यांगजनों को मिलेंगे सहायक उपकरण

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर दरभंगा जिले के दिव्यांगजनों के लिए 17 से 19 सितंबर तक परीक्षण-सह-वितरण शिविर का आयोजन किया जाएगा। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार की एडिप (ADIP) योजना के तहत भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (ALIMCO) के माध्यम से जिले के तीनों अनुमंडलों में शिविर लगाए जाएंगे।

जिलाधिकारी कौशल कुमार ने बताया कि शिविर में पात्र दिव्यांगजनों का परीक्षण कर उनकी आवश्यकता के अनुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। शिविर के सफल आयोजन और वितरण के लिए प्राप्त उपकरणों के सुरक्षित रख-रखाव समेत अन्य व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 17 सितंबर को बेनीपुर अनुमंडल के कर्पूरी भवन, 18 सितंबर को बिरौल अनुमंडल के प्रखंड परिसर तथा 19 सितंबर को दरभंगा सदर अनुमंडल के लिए इंडोर स्टेडियम (पॉलो मैदान), लहेरियासराय में शिविर आयोजित होगा।

प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया है कि शिविर की तिथि और स्थल की जानकारी सभी पात्र दिव्यांगजनों तक पहुंचाई जाए, ताकि अधिक से अधिक लाभुक इसका लाभ उठा सकें।

शिविर से संबंधित जानकारी के लिए बेनीपुर में केंद्र प्रबंधक से 8102097032, बिरौल में अमरेन्द्र कुमार, कार्यपालक सहायक से 8578911004 तथा सदर अनुमंडल के लिए मिथिलेश कुमार, लिपिक से 9430953532 पर संपर्क किया जा सकता है।