पुलिस केंद्र में एसएसपी के निर्देशन में रैतिक परेड, प्रशिक्षु सिपाहियों की फिटनेस और अनुशासन पर जोर
पुलिस केंद्र में एसएसपी के निर्देशन में रैतिक परेड, प्रशिक्षु सिपाहियों की फिटनेस और अनुशासन पर जोर
पुलिस केंद्र में एसएसपी के निर्देशन में रैतिक परेड, प्रशिक्षु सिपाहियों की फिटनेस और अनुशासन पर जोर
दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा
पुलिस केंद्र लहेरियासराय में शुक्रवार, 11 सितंबर को वरीय पुलिस अधीक्षक, दरभंगा के निर्देशन में रैतिक परेड का आयोजन किया गया। परेड के दौरान पुलिस उपाधीक्षक रक्षित समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे। एसएसपी ने परेड ग्राउंड का निरीक्षण कर पुलिसकर्मियों की तैयारियों का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
रैतिक परेड के दौरान प्रशिक्षु सिपाहियों की शारीरिक फिटनेस, अनुशासन, एकरूपता और मानसिक मजबूती पर विशेष जोर दिया गया। पुलिसकर्मियों को दौड़ एवं विभिन्न ड्रिल के माध्यम से शारीरिक रूप से दक्ष बनाने के साथ-साथ टोलीवार ड्रिल कराकर अनुशासन और सामूहिक एकरूपता की जांच की गई।
परेड के दौरान टर्नआउट चेक भी किया गया। इसमें पुलिसकर्मियों की वर्दी की स्वच्छता, पहनावे, अनुशासन और निर्धारित पुलिस मानकों के अनुरूप प्रस्तुति का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने प्रशिक्षुओं को पुलिस सेवा की जिम्मेदारियों के अनुरूप शारीरिक एवं मानसिक रूप से तैयार रहने के निर्देश दिए।
पुलिस केंद्र में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रशिक्षु सिपाहियों के मानसिक, शारीरिक एवं आत्मविकास को बेहतर बनाने के उद्देश्य से योग प्रशिक्षण भी कराया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार योग एवं नियमित शारीरिक अभ्यास से प्रशिक्षुओं में तनाव प्रबंधन, एकाग्रता और कार्यक्षमता बढ़ाने में मदद मिलेगी।
निरीक्षण के क्रम में पुलिस लाइन की विभिन्न शाखाओं, बैरक की साफ-सफाई एवं व्यवस्थाओं के साथ-साथ पुलिस वाहनों का भी जायजा लिया गया। एसएसपी ने संबंधित पदाधिकारियों को पुलिस केंद्र की व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने तथा स्वच्छता, अनुशासन और संसाधनों के बेहतर रखरखाव को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।