बिरौल मुख्य बाजार में अतिक्रमण से कराह रही सड़कें, पुलघाट से पुराना थाना चौक तक रोज लग रहा महाजाम,
बिरौल मुख्य बाजार में अतिक्रमण से कराह रही सड़कें, पुलघाट से पुराना थाना चौक तक रोज लग रहा महाजाम,
बिरौल मुख्य बाजार में अतिक्रमण से कराह रही सड़कें, पुलघाट से पुराना थाना चौक तक रोज लग रहा महाजाम,
दस्तक 7 मिडिया, बिरौल, दरभंगा।
नगर पंचायत बिरौल का सबसे व्यस्त व्यावसायिक केंद्र पुलघाट और उसके आसपास का इलाका इन दिनों भीषण ट्रैफिक जाम की चपेट में है। प्रशासन की ओर से दी जा रही चेतावनियों और हिदायतों का बेखौफ अतिक्रमणकारियों पर रत्ती भर भी असर नहीं दिख रहा है। मुख्य सड़कों पर अपनी दुकानें सजाने का सिलसिला बदस्तूर जारी है, जिससे आम जनता का पैदल चलना भी दूभर हो चुका है।
सबसे बदतर हालात शहीद भगत सिंह स्मारक चौक से लेकर पुराना थाना चौक तक के हैं। इस पूरे मार्ग पर फुटपाथ से लेकर पक्की सड़कों तक दुकानें सजा ली गई हैं। सुबह से लेकर देर शाम तक यहां वाहनों की लंबी कतारें लगी रहती हैं। आपातकालीन स्थिति में स्कूली वाहन,एम्बुलेंस सहित कई महत्वपूर्ण गाड़ियों का निकलना भी किसी चुनौती से कम नहीं है।
स्थानीय नागरिकों और राहगीरों का कहना है कि सिर्फ कागजी फरमान या कभी-कभार की कार्रवाई से यह पुरानी समस्या खत्म होने वाली नहीं है। यदि इस मार्ग पर पुलिस बल की नियमित गश्त सुनिश्चित की जाए और सड़क पर अवैध कब्जा जमाने वाले दुकानदारों के खिलाफ सख्त कानूनी व दंडात्मक कार्रवाई की जाए, तो जाम की इस गंभीर समस्या पर तत्काल अंकुश लगाया जा सकता है।
क्षेत्र की जनता ने जिला प्रशासन और अनुमंडल के वरीय अधिकारियों से गुहार लगाई है कि वे मामले को गंभीरता से लें। आम लोगों की मांग है कि संबंधित थाना पुलिस को इस संबंध में सख्त और विधिवत निर्देश जारी किए जाएं, ताकि शहीद भगत सिंह स्मारक चौक से पुराना थाना चौक तक के क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराकर आम जनता को रोज-रोज के महाजाम से स्थायी मुक्ति दिलाई जा सके।