सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि खाते में, दरभंगा के 3.95 लाख पेंशनधारियों को ₹45.19 करोड़ जारी

दस्तक 7मीडिया / दरभंगा 

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को मुंगेर के हवेली खड़गपुर स्थित गंगटा मोड़ से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के अगस्त 2026 की राशि का डीबीटी के जरिए हस्तांतरण किया। राज्य के 1.05 करोड़ से अधिक लाभार्थियों के खातों में प्रति लाभार्थी 1,100 रुपये की दर से कुल 1,233.87 करोड़ रुपये भेजे गए।

इस दौरान दरभंगा जिले के 3,95,206 पेंशनधारियों के बैंक खातों में 45 करोड़ 19 लाख 18 हजार रुपये की राशि, जिसमें बकाया राशि भी शामिल है, हस्तांतरित की गई।

दरभंगा एनआईसी से जिलाधिकारी कौशल कुमार, सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, सहायक निदेशक दिव्यांगजन सह डीपीआरओ आशीष अमन, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग शशि कुमार समेत पेंशनधारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े।