बैंकिंग व्यवस्था से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगी रफ्तार, ऋण प्रक्रिया में तेजी के निर्देश

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में गुरुवार को उप विकास आयुक्त स्वप्निल की अध्यक्षता में जिला स्तरीय परामर्शदात्री एवं बैंकिंग समीक्षा बैठक हुई। बैठक में सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने जिले में बैंकिंग व्यवस्था, ऋण प्रवाह और वित्तीय समावेशन की समीक्षा की।

सांसद ने मखाना, कृषि, एफपीओ, स्वयं सहायता समूह, स्वरोजगार, महिला सशक्तीकरण तथा सूक्ष्म एवं लघु उद्यमों को बैंक ऋण से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने पात्र लाभार्थियों के ऋण आवेदनों का अनावश्यक विलंब किए बिना निष्पादन करने और बैंकिंग प्रक्रिया को सरल व पारदर्शी बनाने का निर्देश दिया।

बैठक में बताया गया कि जिले में वर्तमान में सरकारी बैंकों की 264 शाखाएं, 235 एटीएम और 1,751 ग्राहक सेवा केंद्र संचालित हैं। सांसद ने ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में बैंकिंग सुविधा बढ़ाने तथा लगभग प्रत्येक 10 किलोमीटर पर सरकारी बैंक की शाखा उपलब्ध कराने की दिशा में पहल करने को कहा।

उन्होंने पीएम किसान सम्मान निधि, पीएम स्वनिधि, मुद्रा योजना सहित अन्य सरकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को समय पर ऋण एवं वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। लापरवाही बरतने वाले बैंकों को चिह्नित कर संबंधित उच्चाधिकारियों को कार्रवाई के लिए पत्र भेजने की बात भी कही।

सांसद ने ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग विस्तार के साथ वित्तीय साक्षरता और साइबर सुरक्षा पर भी जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि बैंकिंग व्यवस्था को केवल जमा और ऋण तक सीमित नहीं रखते हुए इसे रोजगार, उद्यमिता और आत्मनिर्भरता का आधार बनाना होगा।

बैठक में एलडीएम, नाबार्ड की जिला प्रबंधक, जिला कृषि पदाधिकारी, वरीय उप समाहर्ता (बैंकिंग) सहित विभिन्न बैंकों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि मौजूद थे।