बच्चों की सुरक्षा और सुविधाओं की डीएम ने की समीक्षा
बच्चों की सुरक्षा और सुविधाओं की डीएम ने की समीक्षा
बच्चों की सुरक्षा और सुविधाओं की डीएम ने की समीक्षा
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
जिलाधिकारी कौशल कुमार ने गुरुवार को विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान एवं पर्यवेक्षण गृह का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों की देखरेख, सुरक्षा, स्वास्थ्य, भोजन, शिक्षा, साफ-सफाई और अन्य आवश्यक सुविधाओं की स्थिति की जानकारी ली।
विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान में डीएम ने बच्चों के लिए उपलब्ध संसाधनों एवं संरक्षण व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने बच्चों के सर्वोत्तम हित को प्राथमिकता देते हुए सभी जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही बच्चों से संबंधित अभिलेखों और दत्तक ग्रहण प्रक्रिया से जुड़े रिकॉर्ड की समीक्षा की। उन्होंने सभी अभिलेखों को अद्यतन एवं व्यवस्थित रखने तथा दत्तक ग्रहण प्रक्रिया को नियमानुसार और पारदर्शी तरीके से पूरा करने को कहा।
इसके बाद डीएम ने पर्यवेक्षण गृह का निरीक्षण कर आवासीय व्यवस्था, सुरक्षा, स्वास्थ्य, भोजन, स्वच्छता और शिक्षा की स्थिति देखी। उन्होंने बच्चों के संरक्षण एवं पुनर्वास से संबंधित व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली। संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय से निर्धारित मानकों के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध कराने और संस्थानों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, डीएसपी धर्मेंद्र कुमार, सिविल सर्जन अरुण कुमार, डीपीओ शिक्षा संजय कुमार, डीपीओ आईसीडीएस चांदनी सिंह, सहायक निदेशक अनिमेष कुमार चंद्र, बाल संरक्षण पदाधिकारी राजीव रंजन सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे।