पुराने रेल रूट से ही कुशेश्वरस्थान तक रेल चलाने की मांग, हरनगर में धरना
पुराने रेल रूट से ही कुशेश्वरस्थान तक रेल चलाने की मांग, हरनगर में धरना
पुराने रेल रूट से ही कुशेश्वरस्थान तक रेल चलाने की मांग, हरनगर में धरना
दस्तक 7मीडिया /कुशेश्वरस्थान (दरभंगा)
सकरी–हसनपुर रेल परियोजना को पुराने मार्ग से ही कुशेश्वरस्थान तक पूरा कराने की मांग को लेकर गुरुवार को हरनगर स्टेशन परिसर में कुशेश्वरस्थानधाम रेल परियोजना निर्माण संघर्ष समिति के बैनर तले एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया। मधुकांत झा मिंटू की अध्यक्षता में आयोजित धरने में विभिन्न राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने भाग लिया।
धरने को संबोधित करते हुए सामाजिक कार्यकर्ता शंकर कुमार झा ने कहा कि हरनगर से कुशेश्वरस्थान तक पहले से प्रस्तावित पुराने रेल रूट को छोड़कर नया मार्ग बनाने की प्रक्रिया शुरू करना किसानों के साथ-साथ सरकारी खजाने पर भी अतिरिक्त बोझ डालेगा। उन्होंने कहा कि पुराने रूट पर परियोजना का बड़ा हिस्सा पहले ही तैयार हो चुका है। करीब तीन किलोमीटर क्षेत्र में 90 प्रतिशत मिट्टी कार्य के साथ पुल-पुलिया निर्माण भी पूरा किया जा चुका है।
वक्ताओं ने आरोप लगाया कि इसके बावजूद करीब 12 किलोमीटर लंबे नए रूट के लिए जमीन अधिग्रहण और डीपीआर की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। इससे किसानों की जमीन दोबारा अधिग्रहित होने की स्थिति बन सकती है और बड़ी संख्या में परिवारों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो सकता है।
छह माह में पूरा हो सकता है शेष काम
संघर्ष समिति के सदस्यों ने कहा कि पुराने रूट को ही स्वीकृति देकर निर्माण कार्य आगे बढ़ाया जाए तो शेष काम करीब छह माह में पूरा कर हसनपुर तक रेल परिचालन शुरू किया जा सकता है। इससे समय और सरकारी राशि दोनों की बचत होगी।
वक्ताओं ने कहा कि कुशेश्वरस्थान को रेल से जोड़ना पूरे क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग है। बाबा कुशेश्वरनाथ धाम को रेल जंक्शन के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से सर्वदलीय संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।
समिति ने चेतावनी दी कि पुराने रूट पर रेल लाइन निर्माण की मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखा जाएगा। 10 सितंबर को हरनगर स्टेशन पर धरने के साथ आंदोलन के पहले चरण की शुरुआत की गई। इस दौरान राज्यसभा सांसद श्री झा ने मामले को सक्षम प्राधिकार के समक्ष उठाने का आश्वासन दिया।
धरने में उप प्रमुख संतोष कुमार यादव, मुखिया संघ अध्यक्ष विमलचंद्र खां, रामकृष्ण पाठक, लोजपा अध्यक्ष गणेश पाठक, बच्चा राय, सरपंच सिकंदर पासवान, मनोज कुमार झा, संजय सिंह, भाजपा अध्यक्ष घनश्याम चौधरी, रौशन कुमार राय, राजीव कुमार झा, बबलू झा समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।
जिला एवं सत्र न्यायालय ने विभिन्न आपराधिक मामलों में सुनवाई करते हुए प्राणघातक हमला, हत्या, अपहरण, लूट व अन्य आरोपों के कई अभियुक्तों की जमानत याचिकाएं की खारिज।
बच्चों की सुरक्षा और सुविधाओं की डीएम ने की समीक्षा