20 हजार रिश्वत लेते चांदन के सीओ रंगेहाथ गिरफ्तार,

जमीन पर दखल-कब्जा दिलाने के लिए मांगे थे दो लाख रुपये, एसवीयू ने की कार्रवाई

दस्तक 7मीडिया ,बांका/पटना।

विशेष निगरानी इकाई (एसवीयू) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बांका जिले के चांदन अंचल के अंचल अधिकारी (सीओ) रविकांत कुमार को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई बुधवार, 9 सितंबर को की गई।

एसवीयू के अपर पुलिस महानिदेशक सुधांशु कुमार के अनुसार, चांदन थाना क्षेत्र के सियाराम कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि टाइटल सूट केस संख्या 2395/95 में पारित आदेश के आधार पर संबंधित जमीन पर दखल-कब्जा दिलाने के एवज में सीओ रविकांत कुमार द्वारा दो लाख रुपये रिश्वत की मांग की जा रही है। तत्काल 20 से 25 हजार रुपये देने को कहा गया था।

शिकायत के सत्यापन के दौरान सीओ द्वारा रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद एसवीयू थाना कांड संख्या 24/2026 दर्ज कर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत कार्रवाई शुरू की गई।

पुलिस उपाधीक्षक अरूण कुमार अकेला के नेतृत्व में गठित धावा दल ने जाल बिछाकर सीओ रविकांत कुमार को 20 हजार रुपये रिश्वत स्वीकार करते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और अनुसंधान जारी है।

एसवीयू ने रिश्वत मांगने से संबंधित शिकायत के लिए कार्यालय अवधि में दूरभाष 0612-2506253 और मोबाइल 9031633641 पर सूचना देने की अपील की है।