डीएमसीएच में जूनियर डॉक्टर पर बेल्ट से हमला, मरीज का स्वजन फरार , आक्रोशित जूनियर डॉक्टरों ने आधे घंटे तक इमरजेंसी सेवा ठप की, दर्जनों मरीज लौटे
डीएमसीएच में जूनियर डॉक्टर पर बेल्ट से हमला, मरीज का स्वजन फरार , आक्रोशित जूनियर डॉक्टरों ने आधे घंटे तक इमरजेंसी सेवा ठप की, दर्जनों मरीज लौटे
डीएमसीएच में जूनियर डॉक्टर पर बेल्ट से हमला, मरीज का स्वजन फरार ,
आक्रोशित जूनियर डॉक्टरों ने आधे घंटे तक इमरजेंसी सेवा ठप की, दर्जनों मरीज लौटे
दस्तक 7मीडिया /अफजल खान
डीएमसीएच के मेडिसिन विभाग में गुरुवार को मरीज के स्वजन ने एक पीजी डॉक्टर के सिर पर बेल्ट से हमला कर दिया। हमले में डॉक्टर आशुतोष कुमार के सिर में गंभीर चोट लगी और खून बहने लगा। घटना के बाद आरोपी स्वजन अस्पताल परिसर से फरार हो गया। डॉक्टर पर हमले की जानकारी मिलते ही जूनियर डॉक्टरों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने मेडिसिन सहित कई विभागों में काम ठप कर दिया और करीब आधे घंटे तक इमरजेंसी विभाग का संचालन भी बाधित रहा। इस दौरान दहशत में दर्जनों मरीज अस्पताल से लौट गए।
घटना मेडिसिन विभाग के फर्स्ट यूनिट में सुबह की राउंड के दौरान हुई। बताया जाता है कि बहेड़ी थाना क्षेत्र के चक्का जोरजा निवासी 66 वर्षीय पलटू लाल देव का मेडिसिन विभाग में इलाज चल रहा है। सुबह नर्सिंग स्टाफ मरीजों को डॉक्टर के परामर्श के अनुसार दवा और इंजेक्शन दे रहा था। इसी दौरान मरीज के स्वजन ने नर्स से पहले इंजेक्शन लगाने का दबाव बनाया। नर्स ने सभी मरीजों को क्रमवार दवा और इंजेक्शन देने की बात कही।
आरोप है कि इससे नाराज स्वजन नर्स के साथ अभद्र व्यवहार करने लगा। नर्स ने इसकी शिकायत डॉक्टरों से की। इसके बाद स्वजन को समझाकर शांत कराया गया। कुछ देर बाद वह फिर नर्स से उलझने लगा। इसी दौरान मेडिसिन विभाग के आरके झा यूनिट के पीजी डॉक्टर आशुतोष कुमार राउंड करते हुए वहां पहुंचे। उन्होंने नर्स से विवाद कर रहे स्वजन को शांत रहने की चेतावनी दी।
बताया जाता है कि राउंड खत्म होने के बाद डॉक्टर और अन्य स्वास्थ्यकर्मी वापस लौट रहे थे। इसी दौरान आरोपी स्वजन ने कॉरिडोर में पीछे से पीजी डॉक्टर आशुतोष कुमार के सिर पर बेल्ट से वार कर दिया। हमले में डॉक्टर के सिर में चोट लग गई और खून बहने लगा। अचानक हुई घटना से वहां मौजूद डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी स्तब्ध रह गए। इसी बीच आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही जूनियर डॉक्टरों में आक्रोश फैल गया। जूनियर डॉक्टरों ने काम ठप कर दिया और इमरजेंसी के रजिस्ट्रेशन काउंटर को भी बंद करा दिया। इससे अस्पताल में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। करीब आधे घंटे तक इमरजेंसी सेवा प्रभावित रही।
सूचना मिलते ही डीएमसीएच प्राचार्य डॉ. यूसी झा, अधीक्षक डॉ. जगदीश चंद्र, उपाधीक्षक डॉ. अमित कुमार सहित डॉ. हरि दामोदर सिंह, डॉ. कमलेश कुमार समेत अन्य वरीय चिकित्सक मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित जूनियर डॉक्टरों को समझाया और मामले में कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद जूनियर डॉक्टरों ने काम शुरू किया और मरीजों का उपचार सामान्य रूप से शुरू हो गया।
घटना के बाद अस्पताल परिसर में तनाव का माहौल बना हुआ है। जूनियर डॉक्टरों ने चिकित्सकों की सुरक्षा को लेकर कार्रवाई की मांग की है।