शराबबंदी से लेकर लंबित वारंट तक, एसएसपी ने की समीक्षा, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

वरीय पुलिस अधीक्षक, दरभंगा ने गुरुवार को अपने कार्यालय में सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों, अंचल पुलिस निरीक्षकों एवं पर्यवेक्षक पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में अपराध नियंत्रण, शराबबंदी, कांडों के निष्पादन, न्यायालय से संबंधित लंबित मामलों तथा पुलिस की कार्रवाई की अद्यतन स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक में एसएसपी ने शराब विनष्टीकरण से संबंधित प्रस्तावों एवं विवरणी की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। शराब के साथ वाहन जब्त किए जाने के मामलों में राजसात के लिए भेजे जाने वाले प्रस्तावों की भी समीक्षा की गई और प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा गया।

दागियों के सत्यापन पर विशेष जोर

एसएसपी ने दागी अपराधियों के सत्यापन की स्थिति की समीक्षा करते हुए सत्यापन के बाद तैयार की गई विवरणी का भी अवलोकन किया। अधिकारियों को दागियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने और आवश्यकतानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

विगत पांच वर्षों में दर्ज संपत्ति मूलक अपराधों के मामलों में आरोप पत्रित अपराधियों की सूची की भी समीक्षा की गई। साथ ही कितने अपराधियों के विरुद्ध डोसियर तैयार कर प्रस्ताव भेजा गया है, इसकी भी जानकारी ली गई और लंबित प्रक्रिया को पूरा करने का निर्देश दिया गया।

कांडों के निष्पादन का लक्ष्य निर्धारित

सितंबर 2026 में दर्ज कांडों के निष्पादन की प्रगति की समीक्षा करते हुए एसएसपी ने अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कांडों का निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा। न्यायालय से प्राप्त लंबित समन, जमानतीय वारंट, अजमानतीय वारंट, इश्तिहार एवं कुर्की से संबंधित मामलों की भी समीक्षा की गई। इनके त्वरित निष्पादन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

सरप्राइज चेकिंग और सुपर रेड की भी समीक्षा

बैठक में अब तक किए गए सरप्राइज चेकिंग, सुपर पेट्रोलिंग, सुपर रेड एवं विभागीय कार्रवाई की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई। इसके अलावा पुलिस कार्यों से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी चर्चा कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रत्येक दिन आरोप पत्रित किए गए कांडों को उसी दिन CCNTS पर अपलोड करना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशों का गंभीरता से अनुपालन करने और पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया।