हाईकोर्ट के आदेश पर हनुमाननगर में स्वास्थ्य प्रबंधक बदले, रमेश कुमार को मिली जिम्मेदारी

दस्तक 7 मीडिया / हनुमाननगर

जिला स्वास्थ्य समिति, दरभंगा ने पटना हाईकोर्ट के आदेश और जिलाधिकारी के रीजन्ड एंड स्पीकिंग ऑर्डर के अनुपालन में हनुमाननगर प्रखंड में स्वास्थ्य प्रबंधक का बदलाव किया है। विभाग ने पूर्व प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक कुमुद रंजन कुमार को चयनमुक्त करते हुए उनके स्थान पर रमेश कुमार की नियुक्ति की है।

रमेश कुमार को सामुदायिक/प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, हनुमाननगर में प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक के पद पर पदस्थापित किया गया है। विभाग की ओर से जारी आदेश में उन्हें तत्काल प्रभाव से नवपदस्थापित स्थान पर योगदान देकर कार्यभार संभालने का निर्देश दिया गया है।

यह कार्रवाई पटना हाईकोर्ट में दायर सीडब्ल्यूजेसी संख्या 11174/2026 में पारित आदेश के अनुपालन में की गई है। साथ ही जिलाधिकारी के रीजन्ड एंड स्पीकिंग ऑर्डर के आधार पर जिला स्वास्थ्य समिति ने प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी की है।

विभाग ने आदेश की प्रतिलिपि जिलाधिकारी दरभंगा, स्वास्थ्य विभाग के सचिव, राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक समेत संबंधित अधिकारियों को भी सूचनार्थ भेजी है। अधिकारियों के अनुसार, नए प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक की पदस्थापना का उद्देश्य हनुमाननगर क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन एवं प्रबंधन को और प्रभावी बनाना है।