जमालपुर में शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 682 लीटर से अधिक विदेशी शराब जब्त,

स्कॉर्पियो, ट्रैक्टर और अपाचे बाइक समेत दो अलग-अलग कार्रवाई में शराब बरामद, पुलिस की कार्रवाई से कारोबारियों में हड़कंप

दस्तक 7मीडिया ,बिरौल /उत्तम सेन गुप्ता 

अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, सेवन और परिवहन पर पूर्णतः अंकुश लगाने के उद्देश्य से दरभंगा पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में जमालपुर थाना पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए कुल 682.20 लीटर विदेशी शराब जब्त की है। कार्रवाई के दौरान शराब कारोबार में इस्तेमाल किए जा रहे वाहनों को भी जब्त किया गया है।

पहली कार्रवाई में 288 लीटर शराब बरामद

गुप्त सूचना के आधार पर जमालपुर थाना पुलिस ने थाना क्षेत्र के जगसो गांव स्थित कमला बलान बांध के पास छापेमारी की। पुलिस टीम को देखकर शराब कारोबार से जुड़े लोग मौके से भाग निकले। तलाशी के दौरान 32 कार्टून में रखी कुल 288 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई।

मौके से पुलिस ने एक उजले रंग की स्कॉर्पियो, एक ट्रैक्टर और एक अपाचे मोटरसाइकिल भी जब्त की है। पुलिस द्वारा जब्त वाहनों के संबंध में आवश्यक जांच की जा रही है तथा शराब के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है।

दूसरी कार्रवाई में 394.20 लीटर विदेशी शराब जब्त

इसी अभियान के तहत जमालपुर थाना पुलिस ने दूसरी कार्रवाई जमालपुर गांव में बलान बांध के पास की। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने कुल 394.20 लीटर विदेशी शराब बरामद की।

दोनों कार्रवाई में पुलिस ने कुल 682.20 लीटर विदेशी शराब जब्त की है। लगातार हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।

जमालपुर थाना पुलिस द्वारा की गई दोनों कार्रवाइयों के बाद शराब के स्रोत, आपूर्ति और कारोबार में शामिल अन्य लोगों की पहचान के लिए जांच तेज कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।