रैयाम चीनी मिल को लेकर बढ़ी उम्मीद, 350 किसानों को दी गई उन्नत गन्ना खेती की तकनीकी जानकारी, रैयाम-सकरी चीनी मिल वर्ष 2028 तक चालू करने की तैयारी, 30 हजार हेक्टेयर में गन्ने की खेती का लक्ष्य
रैयाम चीनी मिल को लेकर बढ़ी उम्मीद, 350 किसानों को दी गई उन्नत गन्ना खेती की तकनीकी जानकारी, रैयाम-सकरी चीनी मिल वर्ष 2028 तक चालू करने की तैयारी, 30 हजार हेक्टेयर में गन्ने की खेती का लक्ष्य
रैयाम चीनी मिल को लेकर बढ़ी उम्मीद, 350 किसानों को दी गई उन्नत गन्ना खेती की तकनीकी जानकारी,
रैयाम-सकरी चीनी मिल वर्ष 2028 तक चालू करने की तैयारी, 30 हजार हेक्टेयर में गन्ने की खेती का लक्ष्य
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
रैयाम चीनी मिल परिसर में बुधवार को राज्य योजना के तहत गन्ना प्रौद्योगिकी विस्तार कार्यक्रम 2026-27 के अंतर्गत कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। निरीक्षण भवन में आयोजित एक दिवसीय प्रशिक्षण में करीब 350 गन्ना उत्पादक किसानों ने भाग लिया। इस दौरान किसानों को उन्नत गन्ना खेती, गुणवत्तापूर्ण बीज, बीज उपचार, सिंचाई, खाद-उर्वरक प्रबंधन तथा कीट एवं रोग नियंत्रण की वैज्ञानिक तकनीक की जानकारी दी गई।
कृषि विज्ञान केंद्र, जाले के वरीय वैज्ञानिकों ने किसानों को वैज्ञानिक पद्धति अपनाकर गन्ने की उत्पादकता और गुणवत्ता बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। वहीं सहायक निदेशक, ईख विकास ने विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए किसानों से गन्ना क्षेत्र विस्तार योजना और यंत्रीकरण योजना का लाभ लेने तथा समय पर गन्ना पंजीकरण कराने की अपील की।
2028 तक रैयाम और सकरी मिल चालू करने की तैयारी
कार्यक्रम में इंडियन पोटाश लिमिटेड के केन हेड एवं प्रतिनिधि विनोद कुमार तिवारी ने रैयाम एवं सकरी चीनी मिलों की स्थापना को लेकर कंपनी की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कंपनी को गन्ना उत्पादन और चीनी मिल संचालन का व्यापक अनुभव है। कंपनी की ओर से किसानों को आधुनिक तकनीक के जरिए गन्ना उत्पादन के लिए तकनीकी सहयोग दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि कंपनी उत्तर प्रदेश में छह, गुजरात में तीन और ओडिशा में दो चीनी मिलों का संचालन कर रही है। बिहार में रैयाम एवं सकरी चीनी मिलों को वर्ष 2028 तक निर्धारित गन्ना लक्ष्य की पूर्ति के साथ चालू करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
मिलों के संचालन के लिए करीब 50 लाख क्विंटल गन्ने की आवश्यकता होगी। इसके लिए लगभग 30 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में गन्ने की खेती आवश्यक होगी। चालू वर्ष में करीब 5 हजार एकड़ में बीज के लिए गन्ने की खेती कराने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि अगले वर्ष करीब 25 हजार एकड़ में गन्ने की खेती का विस्तार किया जा सके।
डीएम और विधायक ने सौंपी कार्यालय भवन की चाबी
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी कौशल कुमार एवं दरभंगा ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के विधायक राजेश कुमार मंडल ने गन्ना उद्योग विभाग एवं मिल प्रतिनिधियों को संयुक्त कार्यालय संचालन के लिए रैयाम चीनी मिल परिसर स्थित निरीक्षण भवन की चाबी सौंपी।
अब इस भवन का उपयोग गन्ना उद्योग विभाग एवं चीनी मिल के कार्यालय के रूप में किया जाएगा। इससे किसानों को स्थानीय स्तर पर गन्ना पंजीकरण, विभागीय योजनाओं, क्षेत्र विस्तार, यंत्रीकरण और तकनीकी मार्गदर्शन जैसी सुविधाएं मिल सकेंगी।
किसानों को सड़क और परिवहन सुविधा का भी भरोसा
डीएम कौशल कुमार ने कहा कि रैयाम एवं सकरी चीनी मिल का शिलान्यास शीघ्र होने वाला है। उन्होंने कहा कि बिहार कैबिनेट द्वारा इंडियन पोटाश लिमिटेड को दोनों चीनी मिलों से संबंधित कार्य आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने किसानों से अधिक से अधिक क्षेत्र में गन्ने की खेती करने और उन्नत कृषि तकनीक अपनाकर उत्पादकता बढ़ाने की अपील की। डीएम ने कहा कि गन्ने को चीनी मिल तक आसानी से पहुंचाने के लिए क्षेत्र की सड़कों के चौड़ीकरण तथा आवश्यक आधारभूत संरचना के विकास की दिशा में भी काम किया जाएगा। इससे किसानों को गन्ने के परिवहन में सहूलियत होगी।
कार्यक्रम में सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी, ईख पदाधिकारी, कृषि विज्ञान केंद्र जाले के वरीय वैज्ञानिक, इंडियन पोटाश लिमिटेड के प्रतिनिधि, स्थानीय मुखिया, पैक्स अध्यक्ष सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
जेम पोर्टल से होगी सरकारी खरीद, डीडीओ को दिया गया प्रशिक्षण
जमालपुर में शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 682 लीटर से अधिक विदेशी शराब जब्त, स्कॉर्पियो, ट्रैक्टर और अपाचे बाइक समेत दो अलग-अलग कार्रवाई में शराब बरामद, पुलिस की कार्रवाई से कारोबारियों में हड़कंप